{"_id":"ecee529dee5e732a1170514b3b326672","slug":"teenager-commits-suicide-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"छेड़छाड़ से दुखी किशोरी ने फंदा लगाकर जान दी","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
छेड़छाड़ से दुखी किशोरी ने फंदा लगाकर जान दी
अमर उजाला, मोदीनगर
Updated Mon, 25 Aug 2014 03:58 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दबंगों द्वारा दुष्कर्म की कोशिश और शिकायत के बावजूद पुलिस के कार्रवाई न करने से आहत एक दलित किशोरी ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
विज्ञापन
किशोरी के इस कदम से घबराई पुलिस ने अब आनन-फानन में तीनों आरोपियों को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता के पिता का कहना है कि घटना के बाद से ही उनकी बेटी गुमसुम रहती थी। पुलिस द्वारा कार्रवाई न होने और आरोपियों द्वारा मानसिक प्रताड़ना दिए जाने से क्षुब्ध होकर ही उसने अपनी जान दे दी।
घटना नगर से सटे एक मोहल्ले की है। यहां रहने वाली 16 वर्षीया किशोरी रविवार तड़के अपने घर में पंखे से लटकी मिली। परिजनों की सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
विज्ञापन
बता दें कि इस किशोरी ने विगत 19 अगस्त को आयोजित तहसील दिवस में अपर आयुक्त अजय शंकर पांडेय से शिकायत की थी कि 13 अगस्त को उसके साथ दो सगे भाइयों समेत तीन युवकों ने गैंगरेप की कोशिश की थी।
विज्ञापन
आरोपी उसे अपने घर यह कहकर ले गए थे कि उनकी बहन बुला रही है। घर पहुंचते ही तीनों ने उससे छेड़छाड़ शुरू कर दी। उसने शोर मचाया तो लड़कों की मां वहां आ गई। आरोप है कि लड़कों की मां ने भी बेटों का पक्ष लेते हुए उसकी पिटाई कर दी।
अपर आयुक्त ने इस मामले में पुलिस को कड़ी कार्रवाई करने के आदेश दिए थे। बावजूद इसके पुलिस ने यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो गया है।
पता चला है कि इसके बाद भी आरोपी युवक किशोरी को प्रताड़ित करते थे। इसी प्रताड़ना से त्रस्त होकर उसने रविवार सुबह आत्महत्या कर ली। हरकत में आई पुलिस ने अब तीनों आरोपियों रिंकू, छोटू और सचिन को गिरफ्तार कर लिया है।
इस संबंध में थाना प्रभारी दीपक शर्मा का कहना है कि मृतका के पिता की तहरीर पर तीनों आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज की गई है।