तंजील अहमद हत्याकांड: आतंकी कनेक्शन खंगालने पहुंची एनआईए और एटीएस की टीम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राष्ट्रीय जांच एजेंसी के (एनआईए) डीएसपी तंजील अहमद हत्याकांड के आरोपी मुनीर से बिसरख थाने में बुधवार दोपहर तक पूछताछ करने एनआईए, एटीएस, दिल्ली स्पेशल सेल, अलीगढ़, लखनऊ और बिजनौर पुलिस समेत अन्य जांच एजेंसियां पहुंचीं।
इस दौरान एजेंसियों ने तंजील अहमद हत्याकांड में आतंकी साजिश के एंगल से मुनीर से पूछताछ की। कड़ी सुरक्षा के बीच बुधवार को बिसरख थाना पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
सिमी और आईएम आतंकी संगठनों की कमर तोड़ने में राष्ट्रीय जांच एजेंसी के डीएसपी तंजील अहमद ने काफी कार्य किया था। उनका नेटवर्क बेहद मजबूत माना जाता था। हत्या से पहले वह कई संगीन मामलों की जांच में लगे थे।
उनकी हत्या के बाद से एनआईए जांच कर रही थी कि कहीं आतंकी वारदात की जांच के चलते तो हत्या नहीं की गई। मंगलवार को मुनीर के पकड़े जाने के बाद एनआईए और एटीएस एजेंसियां आतंकी कनेक्शन खंगालने पहुंचीं। बताया जा रहा है कि टीम के कुछ सुराग हाथ लगे हैं जिन पर टीमें जांच में लगी हैं।
संबंधित थाना पुलिस भी अपने यहां लूट, हत्या, रंगदारी समेत अन्य वारदात से संबंधित पूछताछ करने पहुंचीं। उधर, मुनीर को पकड़ने वाली एसटीएफ टीम को डीजीपी जावीद अहमद ने 50 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है।
रिमांड पर लेने की तैयारी
मुनीर को जेल भेजने के बाद सुरक्षा जांच एजेंसियों सहित दिल्ली, बिजनौर, लखनऊ, अलीगढ़ और आजमगढ़ सहित कई जिले की पुलिस रिमांड पर लेने की तैयारी शुरू कर दी है। मुनीर ने इन स्थानों पर लूट, डकैती, हत्या जैसे कई बड़ी वारदात को अंजाम दिया।
हत्यारोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। पूछताछ में गैंग के बारे अहम सुराग हाथ लगे हैं। टीम ने उस पर काम करना शुरू कर दिया। जल्द ही मुनीर के गैंग को ध्वस्त कर दिया जाएगा।
- राजकुमार मिश्रा, एसटीएफ डीएसपी