मर्चेंट नेवी की कोचिंग कर रहा छात्र बन गया ठग, पुलिस ने दबोचा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मदद के नाम पर डेबिट कार्ड बदलकर लोगों को चूना लगाने वाले ठग को सारन पुलिस ने रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छह डेबिट कार्ड बरामद किए हैं और पुलिस उसके साथी की खोज में जुटी है।
पुलिस के अनुसार नगला एंक्लेव निवासी नानक चंद शर्मा को मंगलवार को कुछ धन की जरूरत थी। वह डेबिट कार्ड लेकर भड़ाना चौक स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम गए थे। एटीएम में दो युवक पहले से ही मौजूद थे।
उन्होंने एटीएम में डेबिट कार्ड, पिन नंबर और रकम दर्ज की लेकिन पैसे नहीं निकले। इस पर एक युवक ने मदद करने के नाम पर उनसे उनका डेबिट कार्ड ले लिया और रुपये निकाले की प्रक्रिया अपनाई। रुपये फिर नहीं निकले।
इस पर युवक ने मशीन खराब होने की बात कह उन्हें डेबिट कार्ड वापस कर दिया। युवक बाहर अपनी सेंट्रो कार में बैठ कर चले गए। नानक चंद दूसरे एटीएम की ओर जा रहे थे कि मोबाइल पर उनके खाते से 20 हजार रुपये निकलने का मैसेज आया।
उन्होंने डेबिट कार्ड देखा तो वह किसी और का था। उन्होंने सेंट्रो कार का नंबर पुलिस को बताते हुए ठगी की सूचना दी। उन्होंने सारन थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने एटीएम की फुटेज में दोनों ठगों की पहचान की।
मर्चेंट नेवी की कोचिंग कर रहा आरोपी
एसएचओ ने सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों को तैनात कर दिया। बुधवार दोपहर को भड़ाना चौक स्थित एटीएम से निकल कर दो युवक कार में बैठते दिखे। पुलिस ने उन्हें रोका तो एक भाग निकला जबकि दूसरा पकड़ में आ गया।
पकड़े गए शहरून निवासी गांव घाघौट के पास से पुलिस ने एक महिला के नाम का डेबिट कार्ड बरामद किया। पूछताछ में शहरून ने बताया कि उसने महिला को झांसा दे कार्ड बदल दस हजार रुपये निकाले हैं। उसने नानकचंद शर्मा के साथ हुई ठगी को भी कुबूल किया।
भागे हुए साथी का नाम मुस्तकीम निवासी घाघौट बताया। एसएचओ सारन वेद प्रकाश और एसीपी एनआईटी अमन यादव ने बताया कि शहरून के पास से छह डेबिट कार्ड बरामद हुए हैं उसने बल्लभगढ, सेक्टर-28 और सारन थाना क्षेत्र में 15 वारदात अंजाम देना कुबूल किया है।
मर्चेंट नेवी की कोचिंग कर रहा आरोपी
एसीपी अमन यादव ने बताया कि आरोपी शहरून दिल्ली के एक इंस्टीट्यूट से मर्चेंट नेवी की कोचिंग ले रहा है। कुछ दिन पहले छुट्टी पर घर आया था। दूर के रिश्तेदार मुस्तकीम के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने लगा। शहरून ने बताया कि महंगेे शौक पूरे करने के लिए उसने यह काम शुरू किया था।