{"_id":"a68eebea0d9d589903d04fcb4c76419a","slug":"steals-in-gun-house-of-mianvli-colony-gurgaon","type":"story","status":"publish","title_hn":"क्या ये किसी बड़ी वारदात की आहट है?","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
क्या ये किसी बड़ी वारदात की आहट है?
अमर उजाला, गुड़गांव
Updated Wed, 08 Jan 2014 03:43 PM IST
विज्ञापन
मियांवाली कॉलोनी के एक गन हाउस से रविवार की रात तीन बंदूक और एक हजार कारतूस चुरा लिए गए। पुलिस ने मामले की जांच के लिए अलग-अलग टीमें गठित की हैं।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-15 पार्ट दो में रहने वाले प्रदीप यादव 22-23 सालों से मियांवाली कॉलोनी में एमएस यादव के नाम से गन हाउस चला रहे हैं। सोमवार को पड़ोसी दुकानदारों ने उसे मोबाइल पर दुकान की ग्रिल और शटर टूटे होने की सूचना दी।
विज्ञापन
प्रदीप ने मौके पर जाकर देखा तो दुकान से तीन बंदूक (दो डबल बैरल और एक सिंगल बैरल) और पिस्टल में डालने वाले 32 बोर के 1000 कारतूस गायब मिले। साथ ही दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे भी टूटे हुए थे। उसने पुलिस को इसकी सूचना दी।
विज्ञापन
पुलिस ने फोरेंसिक टीम और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट को मौके पर बुलाकर जांच कराई। डीसीपी वेस्ट सुरेंद्र पाल सिंह ने कहा कि मामला संगीन है, जांच की जा रही है। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से कोई क्लू नहीं मिला है, लेकिन पुलिस के हाथ कुछ खास क्लू लगे हैं।
इस चोरी से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा है। इसमें यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि यह महज एक सामान्य चोरी है या किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी।
इस मामले में पुलिस गन हाउस मालिक पर लापरवाही का आरोप लगा रही है। इसकी जांच के लिए अलग-अलग विशेषज्ञों को लगाया गया है। चोरी के बाद गन हाउस की सुरक्षा पर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि पुलिस गन हाउस मालिकों पर लापरवाही का आरोप लगा रही है।
डीसीपी वेस्ट सुरेंद्र पाल सिंह ने सीधे तौर पर कहा कि यह चोरी लापरवाही में हुई है। उन्होंने कहा कि शहर के सभी गन हाउस मालिकों को सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। गन हाउस के आसपास पुलिस पेट्रोलिंग तैनात की जाएगी।
चोरों ने शातिराना अंदाज में वारदात को अंजाम दिया। वारदात के लिए घने कोहरे की रात को चुना। सीसीटीवी कैमरों को तोड़ दिया। सुरेंद्र पाल सिंह ने कहा कि सभी एंगल से जांच की जा रही है। किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए चोरी हो सकती है। डीसीपी के अनुसार पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले हैं।
जल्दी ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे। उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों ही मेवात में लश्कर-ए-तैयबा के संपर्क में रहने वाले इनाम को गिरफ्तार किया गया है। उसके बाद से यहां किसी बड़ी घटना की आशंका जताई जा रही है।