शारदा विवि: यमन के छात्र के साथ गार्ड ने छोटी सी बात का बनाया बखेड़ा, अभद्रता-मारपीट का लगाया आरोप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
27 मार्च की दोपहर यमन के छात्र से सुरक्षाकर्मियों की मारपीट और उसे घसीटने के मामले में नॉलेज पार्क थाना पुलिस ने शारदा विवि के सात सुरक्षाकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
इसके अलावा छात्र ने चेयरमैन, वाइस चेयरमैन व रजिस्ट्रार के खिलाफ भी शिकायत दी है। छात्र ने नस्लभेदी टिप्पणी का भी आरोप लगाया है।
वहीं, मारपीट का वीडियो वायरल पर संज्ञान लेकर जिलाधिकारी बीएन सिंह ने एडीएम प्रशासन और एसपी ग्रामीण की अध्यक्षता में जांच कमेटी गठित कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मूलरूप से यमन निवासी अहमद तमीम शारदा विवि से बीटेक कंप्यूटर साइंस विषय में पहले सत्र का छात्र है। उसके पास केन्या की भी नागरिकता है।
नॉलेज पार्क थाना पुलिस को दी शिकायत में तमीम ने आरोप लगाया है कि 27 मार्च की दोपहर करीब 1:40 बजे वह शारदा विवि के गेट नंबर-4 से एंट्री कर रहा था।
इस दौरान उससे गार्ड ने अभद्रता करते हुए जेब की तलाशी लेनी शुरू कर दी। उसकी जेब में सिगरेट का पैकेट मिलने पर सुरक्षाकर्मियों और बाउंसरों ने उसे पकड़ लिया।
विरोध करने पर उससे मारपीट की और घसीटते हुए विवि के बाहर फेंक दिया जिससे वह घायल हो गया। उससे नस्लभेदी टिप्पणी भी की गई। अक्सर उसके साथ सुरक्षाकर्मियों का बर्ताव खराब रहता है।
'छात्र ने सात-आठ सुरक्षाकर्मियों के खिलाफ मारपीट और अभद्रता करने का आरोप लगाया है। वहीं, चेयरमैन, वाइस चेयरमैन व रजिस्ट्रार पर आरोप लगाया है कि उनके इशारे पर मारपीट की गई है।' - सुरेंद्र कुमार भाटी, नॉलेज पार्क थाना प्रभारी
जिलाधिकारी ने एडीएम-एसपी से 15 दिन में रिपोर्ट देने कहा
घटना के समय वहां मौजूद अन्य छात्रों ने वीडियो बना लिया और इसे यू-ट्यूब व अन्य साइट पर अपलोड भी कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर शुक्रवार को जिलाधिकारी बीएन सिंह ने एडीएम प्रशासन कुमार विनीत और एसपी ग्रामीण सुनीति की अध्यक्षता में कमेटी बनाकर मामले की जांच करने का निर्देश किया है।
पिछले दिनों पूर्वोत्तर के छात्रों और विदेशी छात्रों की एसोसिएशन ने जिलाधिकारी से मिलकर उनके साथ हो रहे व्यवहार की शिकायत की थी।
जिलाधिकारी ने घटना के संदर्भ में विवि की भूमिका, पुलिस ने इस मामले में क्या कार्रवाई की है समेत इस घटना पर छात्र एसोसिएशन की क्या राय है इसकी रिपोर्ट 15 दिनों में देने को कहा है। शुक्रवार को एसडीएम सदर अंजनि कुमार ने विवि जाकर मामले में जांच भी की।