किसान परिवार से डकैती व गैंगरेप के मामले में सात आरोपी गिरफ्तार
भूपानी थाना क्षेत्र के गांव के बाहर स्थित फॉर्म हाउस में किसान के परिवार को बंधक बनाकर हुई डकैती व गैंगरेप की वारदात को सेक्टर 30 क्राइम ब्रांच ने सुलझा दिया है। पुलिस ने मामले में सात बदमाशों को हिरासत में लिया है।
सूरजकुंड रोड स्थित जंगलों में बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग भी की, लेकिन बच निकलने में कामयाब नहीं हो सके। पुलिस के मुताबिक, बदमाशों ने दिल्ली और उप्र में कई वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। इससे पहले इन्होंने फरीदाबाद के सीही गांव में भैंस चोरी की वारदात को भी अंजाम देना कबूला है।
पकड़े गए बदमाशों में दिल्ली के किराड़ी निवासी रईस और हापुड़ के जाहिद, तातिया, पप्पू, नसीम, नसीम सेठ और शाहिद शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से दो कट्टे, एक बटनदार चाकू, दो रॉड, एक गाड़ी की चाबी बरामद की है।
दिल्ली व उप्र में दे चुके हैं कई वारदातों को अंजाम
गत 26 अप्रैल की रात पिकअप सवार बदमाशों ने गांव के फॉर्म हाउस में बने एक घर को निशाना बनाया था। परिवार को बंधक बना बदमाशों ने मारपीट की और इसके बाद परिवार की लड़की के साथ गैंगरेप किया।
इस दौरान छोटी बहन के साथ भी बदमाशों ने छेड़छाड़ की। फिर 15 हजार रुपये, गहनों के साथ घर के बाहर बंधी भैंस भी ले गए। पुलिस आयुक्त हनीफ कुरैशी ने वारदात को सुलझाने के लिए क्राइम ब्रांच की कई टीमों का गठन किया था।
डीसीपी एनआईटी पूरन चंद पंवार ने पत्रकार वार्ता में बताया कि मुखबिर की सूचना पर सेक्टर 30 क्राइम ब्रांच के निरीक्षक नरेंद्र चौहान के नेतृत्व में सूरजकुंड रोड स्थित सेक्टर 44 के जंगलों में हुडा की खाली बिल्डिंग में दबिश दी। यहां बदमाश डकैती की योजना बना रहे थे।
अलग-अलग पुलिस पार्टियां बनाकर बिल्डिंग का घेराव किया। पुलिस के आने की भनक लगते ही बदमाश भागने लगे और पुलिस टीम पर फायरिंग भी की। इस दौरान दो बदमाश बिल्डिंग से कूदकर भागने की कोशिश में घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।