जुनैद हत्याकांड के आरोपियों का DNA टेस्ट कराएगी पुलिस, 10 संदिग्धों से भी हो रही पूछताछ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जुनैद हत्याकांड के छह दिन बाद जीआरपी और क्राइम ब्रांच की टीम ने चार अन्य आरोपियों को पलवल के खांबी गांव से गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ के आधार पर जीआरपी और क्राइम ब्रांच की अलग-अलग टीमों ने दस से ज्यादा स्थानों पर दबिश देकर मुख्य आरोपी तक पहुंचने की कोशिश की।
हालांकि, जीआरपी ने कानूनी वजह बताते हुए पकड़े गए आरोपियों की पहचान उजागर नहीं की है। बताया जा रहा है कि पकड़े गए चार आरोपियों में एक पर दिल्ली के एक जीआरपी थाने में मामला दर्ज है। पुलिस आरोपियों का डीएनए टेस्ट भी करा सकती है।
बुधवार को पुलिस ने 10 संदिग्धों को बल्लभगढ़ स्थित ऊंचा गांव क्राइम ब्रांच में पूछताछ के लिए बुलाया था। जिसमें शाम को पुलिस ने चार लोगों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान के लिए मृतक जुनैद के भाई हाशिम के अलावा अन्य प्रत्यक्षदर्शियों को शिनाख्त के लिए बुलाया था।
आरोपियों का होगा डीएनए टेस्ट
सूत्रों के मुताबिक जुनैद हत्याकांड में पकड़े गए पांच आरोपियों का डीएनए टेस्ट कराने की तैयारी की जा रही है। शुक्रवार को आरोपियों के खून के नमूने लिए जाएंगे। घटना स्थल पर पुलिस ने फोरेसिंक टीम को बुलाकर ट्रेन के कोच व प्लेटफॉर्म के आसपास से खून के धब्बों के नमूने लिए थे।
इस दौरान जुनैद के अलावा कुछ अलग-अलग नमूने मिले थे। वहीं, पुलिस द्वारा बुधवार को गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों में से दो के हाथों में चोट लगी हुई मिली हैं। इसको लेकर भी पूछताछ की गई लेकिन पुलिस को आरोपी संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए।
आरोपियों की गिरफ्तारी पर कमलदीप गोयल, एसपी जीआरपी ने कहा कि बुधवार को गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने मुख्य आरोपी की पहचान से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी हैं। मुख्य आरोपी तक पहुंचने का हरसंभव प्रयास किया जा रहा है, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सीसीटीवी में दिख रहा लाल टीशर्ट वाला शख्स कौन?
मृतक जुनैद के दोस्त अफजल ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में बाइक पर बैठकर जा रहे तीन लोगों में एक ने लाल टी शर्ट पहन रखी थी। हाशिम ने अफजल को बताया था कि ट्रेन में जो लोग मारपीट कर रहे थे, उनमें से एक ने लाल टी-शर्ट पहनी हुई थी।
ऐसे में हाशिम को इस व्यक्ति सीसीटीवी से निकाले गए फोटो देखकर संदेह हो गया था। अब सवाल यह है कि सीसीटीवी में दिखाई देने वाला वह लाल टीशर्ट वाला आखिर कौन है।
यदि मुख्य आरोपी है तो पुलिस ने उसे अभी तक क्यों गिरफ्तार नहीं किया है। वहीं कुछ सूत्रों का कहना है कि पुलिस ने मुख्य आरोपी को भी पकड़ रखा है, परंतु अभी उससे कुछ जरूयरी पूछताछ के चलते उसकी गिरफ्तारी नहीं दिखाई जा रही है।