महिला ने अचानक बना ली दूरी तो बच्ची से लिया बदला, हत्या के बाद बक्से में छिपा दिया था शव
न्यू उस्मानपुर इलाके में एक सात साल की बच्ची को अगवा कर उसकी हत्या करने के बाद शव को संदूक में डालकर नाले में फेंकने के मामले को पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में सुदामापुरी निवासी मोहम्मद इब्राल(26) को गिरफ्तार किया है।
आरोपी ने खुलासा किया है कि बच्ची की मां से बदला लेने के लिए उसने बच्ची की हत्या की। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। पुलिस ने आरोपी के निशानदेही पर मृत बच्ची का चप्पल, गला घोंटने में इस्तेमाल चादर व अन्य सामान बरामद कर लिए हैं।
पुलिस उपायुक्त डॉक्टर अजीत कुमार सिंगला ने बताया कि गत 21 जून को पीड़ित परिवार ने सात साल की बच्ची हिना परवीन के अपहरण की शिकायत की। परिजनों ने बताया कि घटना के दिन बच्ची अपनी दो छोटी बहनों के साथ गावड़ी में रहने वाली चाची के घर जाने के लिए निकली थी।
चाची के घर कुछ देर तक बैठने के बाद वह अकेले ही घर के लिए निकल गयी। उसके बाद से वह गायब हो गयी। पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी।
बीते 28 जून की सुबह पुलिस को करतार नगर नाले में एक संदूक में बच्ची की लाश होने की जानकारी मिली। पुलिस ने बच्ची का शव कब्जे में कर लिया। बच्ची की पहचान हिना परवीन के रूप में हुई। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि बच्ची के घर से उसकी चाची का घर पांच सौ मीटर दूर है।
पुलिस ने आरोपी को ऐसे किया गिरफ्तार
पुलिस ने इन दोनों घरों बीच के घरों की जांच शुरू की। जिसमें पता चला कि इब्राल नाम का युवक गायब है। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और उसे सुदामापुरी से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना अपराध कबूल कर लिया। उसने बताया कि बच्ची की मां ने उससे दूरी बना ली थी। इस बात को लेकर वह उससे बदला लेना चाहता था।
घटना वाले दिन बच्ची को अकेली देखकर उसने उसे अगवा कर लिया और चादर से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। बाद में संदूक में उसका शव डालकर नाले में फेंक दिया। आरोपी बच्ची के साथ रेप की घटना से इंकार कर रहा है। हालांकि, पूछताछ में पता चला है कि घटना वाले दिन वह शराब के नशे में था। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।