एमजी रोड पर पूरी रात चला नशेड़ियों का हाई वॉल्टेज ड्रामा, SHO पर तानी बंदूक
हर वीकेंड चर्चाओं में रहने वाले एमजी रोड पर शनिवार रात भी हाई वोल्टेज ड्रामा चला। शराब के नशे में चूर एक युवक ने पुलिसकर्मियों से हाथापाई कि तो एक बदमाश ने सेक्टर-29 थाना के एसएचओ पर राइफल तान दी।
घटना- 1
बदमाशों ने एसएचओ को बंदूक से डराया
एमजी रोड पर शनिवार रात बदमाशों से एक बार फिर पुलिस की झड़प हुई। हंगामा इतना बढ़ा कि एक युवक ने थाना प्रभारी सेक्टर-29 विकास कौशिक को रायफल तान दी। जबकि थाना प्रभारी ने भी अपने गनमैन से एके-47 लेकर बदमाशों से दो-दो हाथ करने की बता कह डाली। हालांकि आधे घंटे तक चले इस हंगामे के बाद दोनों पक्षों में सुलह हो गई। मामला करीब दो बजे रात का है।
थाना प्रभारी विकास कौशिक के मुताबिक वह शनिवार रविवार की रात एमजी रोड पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सहारा मॉल से नौ युवक फिल्मी स्टाइल में निकले। इनमें एक युवक के पास रायफल भी थी।
ऐसे में उन्हें शक हुआ कि कहीं यह गैंगेस्टर न हो। ऐसे में उन्होंने उनका पीछा किया। थाना प्रभारी ने बताया कि युवक थोड़ा आगे चलकर जेएमडी मॉल के पास ठेके पर खड़े हो गए। उन्हें वहां से जाने को कहा। इतने पर एक युवक उनसे उलझ गया।
उस युवक ने एसएचओ पर रायफल तान कर डराने की कोशिश की। ऐसे में एसएचओ ने भी अपने गनर की एके -47 दिखाकर उन्हें हड़काया। इसके बाद उनके रायफल के लाइसेंस की जांच के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। उन्होंने बताया कि इस मामले में कोई केस दर्ज नहीं हुआ है।
घटना- 2 : ट्रैफिक पुलिस के जवान से की हाथापाई
एमजी रोड पर ही ड्रंक एंड ड्राइव अभियान चला रहे ट्रैफिक पुलिस के जवानों के साथ एक युवक ने शनिवार रात हाथापाई की। पुलिस ने इस मामले में सेक्टर-16 फरीदाबाद निवासी युवक नवीन को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की गाड़ी को भी जब्त कर लिया है।
थाना प्रभारी सेक्टर-29 विकास कौशिक ने बताया कि आरोपी युवक एमजी रोड स्थित एक बार से शराब पीकर निकला था। नाके पर जब ट्रैफिक पुलिस के जवानों ने जब उसे रोक कर एल्कोहल की जांच की तो इसमें उसके शराब पीने की पुष्टि हो गई।
ऐसे में पुलिस कर्मियों ने गाड़ी का चालान काटने के लिए आरोपी से गाड़ी के कागज मांगे ने तो वह कागज देने के बजाय उनसे झगड़ा करने लगा। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।