पूर्व एनएसजी कमांडो ने ट्रेनिंग के दम पर की शराब के गोदाम में चोरी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सेक्टर-24 स्थित अंग्रेजी शराब के गोदाम में 18/19 जून की रात हुई 13.74 लाख रुपये की चोरी सिक्योरिटी गार्ड रवींद्र ने ही की थी। पूर्व एनएसजी कमांडो रह चुका रवींद्र शराब के गोदाम में एक माह पहले ही सिक्योरिटी गार्ड के रूप में तैनात हुआ था। डीएलएफ क्राइम ब्रांच ने रवींद्र के पास से चोरी की गई रकम में से 13.5 लाख रुपये बरामद किए हैं। उसको रिमांड पर लेकर बाकी रकम की जानकारी ली जाएगी।
मालूम हो कि सेक्टर-24 स्थित लेक फॉरेस्ट वाइन कंपनी के गोदाम में 18/19 जून की रात घुसे चोर अलमारी का ताला खोलकर कैश बॉक्स में रखे 13.745 लाख रुपये निकाल ले गए थे।
गोदाम मालिक राजन गांधी ने मुजेसर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले की जांच डीएलएफ क्राइम ब्रांच टीम को सौंपी गई थी। क्राइम ब्रांच प्रभारी सतेंद्र कुमार के मुताबिक, गोदाम की अलमारी का ताला नहीं तोड़ा गया था, बल्कि चाबी से खोला गया था।
गोदाम में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी चोर नहीं दिखा। इस पर अंदाजा लगाया गया था कि चोर गोदाम के बारे में बहुत बारीकी से जानता है और उसे यह भी मालूम था कि सीसीटीवी कैमरे से कैसे बचना है।
26/11 आतंकी हमले की कार्रवाई में शामिल होने का किया दावा
सारी जांच के बाद शक की सुई एक माह पहले ही सिक्योरिटी गार्ड के रूप में गोदाम में तैनात हुए रवींद्र निवासी गांव रामपुरी जिला रेवाड़ी पर गई। पकड़े जाते ही रवींद्र ने अपनी गलती मानते हुए चोरी को अंजाम देना कुबूल कर लिया।
रवींद्र ने बताया कि वह भारतीय सेना में बीकानेर ऑर्टिलरी में तैनात था। 2011-12 में उसने एनएसजी कमांडो की ट्रेनिंग ली। 15 साल की नौकरी पूरी होने पर सेना से सेवानिवृत्त हो गया था।
वारदात करने से एक दिन पहले घर जाने के नाम पर छुट्टी ली, लेकिन छत पर जाकर छिप गया। कमांडो ट्रेनिंग होने की वजह से रात में गोदाम की छत से सीढ़ियों से न उतरकर दीवार के सहारे उतरा।
रवींद्र ने दावा किया कि वह मुंबई में 26/11 को हुए आतंकी हमले की कार्रवाई में शामिल था, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हो सकी क्योंकि पुलिस के मुताबिक उसने एनएसजी ट्रेनिंग 2011-12 में ली थी।
डीएलएफ क्राइम ब्रांच प्रभारी सतेंद्र कुमार ने बताया कि रवींद्र ने अपने घर के दीवान में से चोरी की गई रकम में से 13.5 लाख रुपये बरामद कराए हैं। बाकी रकम के लिए रिमांड पर लेकर उससे पूछताछ की जा रही है।