55 साल के शख्स ने बनाया 9वीं कक्षा की छात्रा को हवस का शिकार
राजधानी में महिलाओं और बच्चियां सुरक्षित नही हैं। हर्ष विहार इलाके में नौंवी कक्षा की छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पड़ोस में रहने वाले 55 वर्षीय अधेड़ शख्स ने जान से मारने की धमकी देकर छात्रा को हवस का शिकार बनाया।
वारदात के बाद आरोपी ने परिवार को जान से मारने की धमकी और जुबान बंद रखने के लिए 200 रुपये भी दिए। बाद में पुलिस से शिकायत के बाद हर्ष विहार थाना पुलिस ने आरोपी जोगेंद्र (55) को दुष्कर्म व पॉक्सो की धाराओं में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। हर्ष विहार थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस के मुताबिक सपना (14)(बदला हुआ नाम) परिवार के साथ हर्ष विहार इलाके में रहती है। इसके परिवार में माता-पिता के अलावा एक भाई है। सपना पास के सरकारी स्कूल में नौंवी कक्षा की छात्रा है।
जोगेंद्र ने पानी मांगने के बहाने सपना को बुलाया
शुक्रवार को उसके पिता किसी काम से गांव गए थे। वहीं भाई व मां भी काम से बाहर गए थे। इधर इनके पड़ोस में रहने वाले जोगेंद्र ने पानी मांगने के बहाने सपना को अपने कमरे में बुलाया। सपना के अंदर आते ही उसने उसे बंधक बनाकर वारदात को अंजाम दिया।
वारदात के बाद उसने सपना के परिवार को जान से मारने की धमकी देकर जुबान बंद रखने के लिए कहा। जाते समय उसने सपना को 200 रुपये भी दे दिए। इधर सपना ने घर पहुंचकर अपने भाई को सारी बात बताई।
बाद में मेडिकल में पुष्टि के बाद सपना की शिकायत पर हर्ष विहार थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर रविवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी जोगेंद्र प्राइवेट नौकरी करता है। वह पत्नी व बच्चों के साथ यहां रहता है। पुलिस उससे पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।