स्पाइस जेट की फ्लाइट में किशोरी से छेड़छाड़, आरोपी ने खींचे फोटो वीडियो भी बनाया
अहमदाबाद से दिल्ली आ रहे एक विमान में 16 वर्षीय किशोरी के साथ छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने छेड़छाड़ करने का मामला दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, किशोरी अपने परिजनों के साथ अहमदाबाद में रहती है । 21 अप्रैल की रात वो अपने परिजनों के साथ स्पाइस जेट की फ्लाइट से अहमदाबाद से दिल्ली आ रही थी।
किशोरी की सीट के बगल वाली सीट पर गौरव नाम का युवक बैठा था। परिजनों का आरोप है कि गौरव ने किशोरी के साथ गलत हरकत की और अपने मोबाइल से किशोरी के फोटो खींचे।
परिजनों के विरोध करने पर गौरव हाथापाई पर उतर आया
इसके साथ ही उसने एक वीडियो भी बनाया। इस बात की जानकारी मिलते ही किशोरी ने अपने परिजनों को बताया। परिजनों के विरोध करने पर गौरव हाथापाई पर उतर आया। परिजनों ने उससे बेटी के फोटो को डिलीट करने के लिए कहा लेकिन उसने ऐसा नहीं किया।
रात करीब साढ़े नौ बजे दिल्ली के डोमेस्टिक एयरपोर्ट पर विमान उतरने के बाद परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने छेड़छाड़ का मामला दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।
गौरव मूलत: खुर्जा गेट चंदौसी संभल उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और एक स्टील कंपनी में काम करता है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।