मोबाइल चोरी कर खींच रहे थे सेल्फी, गूगल ड्राइव ने दिया चोरों का पता
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मोबाइल लूट के एक मामले में पुलिस के चक्कर काटकर थक चुका पीड़ित अब खुद अपना फोन तलाशने में जुट गया है। पीड़ित ने पहले तो जीपीएस की मदद से मोबाइल की लोकेशन तलाशी।
इसके बाद लूटे हुए मोबाइल से लुटेरे द्वारा खींची जा रही सेल्फी, गूगल ड्राइव पर मिल गईं। पीड़ित इसी घटना में दो आरोपियों को खुद पकड़कर थाना सेक्टर-20 पुलिस को सौंप भी चुका है। इतना सब करने के बावजूद पुलिस तीसरे आरोपी को पकड़ने का प्रयास नहीं कर रही है।
मोबाइल लूट की ये वारदात खानपुर दिल्ली निवासी मनोज शर्मा के साथ 12 जून को हुई थी। मनोज नोएडा सेक्टर-10 के एक कार शो रूम में प्रबंधक हैं। घटना वाले दिन वह सेक्टर-10 में ही किसी से फोन पर बात कर रहे थे।
बदमाशों का पीछा कर मनोज ने खुद पकड़े दो चोर
इसी दौरान बाइक सवार तीन बदमाशों ने उनका 20000 रुपये का ओप्पो एफ-तीन मोबाइल लूट लिया। मनोज ने मोबाइल लूटकर भाग रहे बदमाशों का बाइक से पीछा शुरू कर दिया। सेक्टर-12 की लाल बत्ती पर उन्होंने बाइक सवार बदमाशों को पकड़ लिया।
इस पर तीनों बदमाशों ने उनके साथ दिनदहाड़े मारपीट शुरू कर दी। आसपास खड़े लोग तमाशा देखते रहे, लेकिन कोई मदद को आगे नहीं आया। पिटने के बाद भी उन्होंने किसी तरह दो बदमाशों को पकड़ लिया, लेकिन उनका तीसरा साथी मोबाइल लेकर भाग निकला।
दोनों बदमाशों को उन्होंने थाना सेक्टर-20 पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों की पहचान लक्की सिंह और सचिन सिंह के रूप में की। इसके बाद भी पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से भी उसके फरार साथी के बारे में जानकारी जुटाने का कोई प्रयास नहीं किया।
जीपीएस से तलाशी लोकेशन
मनोज ने बताया कि उन्होंने अपने मोबाइल कैमरे और फोटो गैलरी को गूगल ड्राइव से सिंक कर रखा है। कुछ दिन बाद भाग चुके लुटेरे ने उनके मोबाइल का प्रयोग शुरू कर दिया। मोबाइल चालू होते ही उन्होंने जीपीएस की मदद से उसकी लोकेशन तलाश ली।
मोबाइल की लोकेशन खोड़ा की आ रही है। इस बीच भाग चुके लुटेरे ने मोबाइल फोन से सेल्फी लेनी शुरू कर दी। वह लगभग प्रतिदिन अपनी सेल्फी लेता है, जो मनोज के गूगल ड्राइव में सिंक हो जाती है। मनोज ने थाना सेक्टर-20 पुलिस को अपने मोबाइल की लोकेशन और आरोपी का फोटो दिखाया। इसके बाद भी पुलिस आरोपी को पकड़ने का कोई प्रयास नहीं कर रही है।
सोशल मीडिया पर चलाई मुहिम
पुलिस के ढुलमुल रवैये से तंग आकर मनोज ने लुटेरे को पकड़ने के लिए सोशल मीडिया पर मुहिम शुरू कर दी। मनोज अब लुटेरे द्वारा अपलोड हो रही सेल्फी को सोशल मीडिया पर अपलोड कर लोगों से उसे पहचानने की अपील कर रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने खोड़ा में अपने जानने वालों को भी लुटेरे की फोटो भेज उसके बारे में जानकारी जुटाने को कहा है।
सर्विलांस से कर रहे तलाश
एसपी सिटी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है। फरार आरोपी की सर्विलांस के जरिये तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले में पुलिस द्वारा बरती गई लापरवाही की भी जांच कराई जाएगी।