‘दूसरे से निकाह किया तो कर दूंगा टुकड़े-टुकड़े’
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र के गांव निवासी एक युवती साढ़े तीन साल से एक सिरफिरे से परेशान है। आरोपी से तंग आकर 10वीं में 83 फीसदी अंक हासिल करने के बावजूद वह पढ़ाई छोड़ने के लिए विवश हो गई थी।
सिरफिरे ने गत माह युवती का रिश्ता तुड़वा दिया तो परेशान होकर उसने खुदकुशी की कोशिश की। अब सिरफिरा उसे किसी दूसरे से निकाह करने पर टुकड़े-टुकड़े करने की धमकी दे रहा है। युवती ने शिकायत की तो सीओ ने थाना पुलिस को आरोपी पर रिपोर्ट दर्ज करने और गुंडा एक्ट में कार्रवाई का आदेश दिया है।
ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र निवासी पीड़िता अपनी मां के साथ मंगलवार को एसएसपी कार्यालय पहुंची। उसने सीओ अनित कुमार को बताया कि वर्ष 2014 में गांव के ही एक सिरफिरे ने उसका स्कूल आना-जाना दुश्वार कर दिया था। वह रास्ते में उससे छेड़छाड़ करता था।
इसकी शिकायत पुलिस से की गई तो आरोपी के परिजनों ने समझौता करा दिया। इसके बावजूद आरोपी की करतूत बंद नहीं हुईं तो पीड़िता ने पढ़ाई छोड़ दी और घर से निकलना बंद कर दिया।
तोड़ दिया पुलिस अफसर बनने का सपना
युवती के बालिग होने पर परिजनों ने उसका रिश्ता तय किया तो सिरफिरा लड़के वालों के घर पहुंच गया और धमकी देकर रिश्ता तुड़वा दिया। इससे क्षुब्ध पीड़िता ने गत माह जहर का सेवन कर लिया।
अस्पताल ले जाने पर उसकी जान बच गई। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी पर कार्रवाई की। अब सिरफिरा फिर युवती को धमकी दे रहा है कि उसका निकाह दूसरी जगह तय हुआ तो टुकड़े-टुकड़े कर देगा।
युवती ने बताया कि उसकी पढ़ाई में बहुत रुचि थी। वह पढ़-लिखकर बड़ा पुलिस अफसर बनना चाहती थी। उसे पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल नहीं मिला और आरोपी उसे अक्सर परेशान करता था। इसके बावजूद उसने 10वीं की परीक्षा 83 फीसदी अंकों के साथ पास की थी। आरोपी के स्कूल जाना दूभर करने के चलते उसे पढ़ाई छोड़नी पड़ी और उसका सपना टूट गया।
आरोपी पर होगी गुंडा एक्ट की कार्रवाई : सीओ
पहले मिली शिकायत पर भी पुलिस ने कार्रवाई की थी। एक बार दोनों पक्षों ने समझौता करा लिया था। दूसरी बार केस दर्ज कर आरोपी को जेल भेजा गया था। बाहर आने के बाद वह फिर से पीड़िता को परेशान कर रहा है। थाना पुलिस को आरोपी पर फिर से केस दर्ज करने व गुंडा एक्ट की कार्रवाई का निर्देश दिया गया है। - अनित कुमार, सीओ तृतीय ग्रेटर नोएडा