नामी अस्पताल में लिफ्टमैन ने की रेप की कोशिश
दिल्ली के नामी जीबी पंत अस्पताल में लिफ्टमैन ने मानसिक रूप से बीमार 15 साल की किशोरी के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। आरोपी की पहचान जफर (35) के रूप में हुई है। आईपी एस्टेट थाना पुलिस ने पॉक्सो समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पीड़ित किशोरी के पिता ने बताया कि सोमवार को वह अपनी बेटी के साथ जीबी पंत अस्पताल उसके मानसिक विकलांगता के प्रणाम पत्र लेने गए थे। उसी दौरान वह किशोरी को अस्पताल में बिठाकर डॉक्टर से मिलने चले गए। जब वे वापस लौटे तो उनकी बेटी अस्पताल के एक कोने में छुपकर रो रही थी और लगातार एक ही बात दोहरा रही थी, 'मैं यहां से जाना चाहती हूं। मुझे यहां से ले चलो।'
बाद में किशोरी ने बताया कि उसे अस्पताल के लिफ्टमैन जबरन अपने गोद में बिठाया और गलत जगह पर छूने की कोशिश की। एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक घटना के बाद किशोरी काफी डरी हुई। उनके अनुसार किशोरी ने बताया कि आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी देकर रेप की कोशिश की।
मौके पर ही पकड़ा गया आरोपी, हुई जमकर धुनाई
पीड़िता के शोर मचाने पर परिजनों ने आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया। पिटाई के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक पीड़िता अपने परिवार के साथ दिल्ली के जैतपुर इलाके में रहती थी।
पिछले कुछ दिनों से वह मानसिक रूप से बीमार चल रही है। परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया था। गत शुक्रवार किशोरी का पिता किसी काम से अस्पताल से बाहर गया। घटना के समय वह अपने कमरे में अकेली थी।
इस बीच अस्पताल का लिफ्टमैन जफर किशोरी को एक कमरे में ले गया। वहां उसने किशोरी के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। शोर मचाने पर किशोरी का पिता मौके पर पहुंच गया। बाद में जफर को पुलिस के हवाले कर दिया गया।