दिल्ली से अगवा कर ठेकेदार की हत्या, रामपुर के जंगलों में मिली लाश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वेलकम इलाके से एक हफ्ते से गायब ठेकेदार की हत्या कर दी गई। उसका शव रामपुर (उप्र) के जंगल में मिला है। इस मामले में हिरासत में लिए गए दो लोगों के खुलासे के बाद पुलिस की टीम ने जंगल से शव को बरामद किया है।
ठेकेदार की हत्या कारोबारी रंजिश की वजह से की गई है। हालांकि, पुलिस अभी इस मामले में कुछ भी कहने से बच रही है, लेकिन परिवार वालों ने शव मिलने की पुष्टि कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, फईमउद्दीन (45) सपरिवार कबीर नगर वेलकम में रहते थे। वे ठेके पर मिट्टी भरने का काम करते थे। उनकी पत्नी सना ने बताया कि गत 28 जून को फईमउद्दीन घर से काम पर जाने की बात कहकर निकले थे।
उसी दिन करीब डेढ़ बजे दो मजदूर घर आए और बताया कि फईमउद्दीन का फोन नहीं लग रहा है। काफी प्रयास करने के बाद पत्नी ने फोन लगाया तो किसी अन्य व्यक्ति ने उठाया।
मिट्टी के नीचे दबा दिया शव
उसने कुछ देर बाद बात करवाने की बात कही। उसके बाद से फईमउद्दीन का फोन नहीं लगा। काफी तलाश करने के बाद जब पता नहीं लगा तो भाई जहीर ने वेलकम थाने में उनके अगवा होने की शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत में कारोबारी रंजिश की बात कही और दो लोगों पर शक भी जताया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपित लोगों की तलाश शुरू की। दोनों अपने घर से गायब थे। बुधवार रात दोनों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई तो दोनों ने बताया कि फईमउद्दीन की हत्या करने के बाद शव को रामपुर के जंगल में मिट्टी के नीचे दबा दिया है।
पुलिस की टीम बृहस्पतिवार को मृतक के भाई जहीर और एक आरोपी को लेकर रामपुर पहुंची। जहां पुलिस ने शव बरामद कर लिया। जहीर ने शव की पहचान अपने भाई के तौर पर की है। पुलिस शव को लेकर दिल्ली के लिए रवाना हो गई है। पुलिस अब आरोपियों से हत्या के कारणों के बारे में पूछताछ करेगी।