शादी समारोह से 80 लाख रुपये के गहने चोरी, होटल स्टाफ बनकर कार्यक्रम में सम्मिलित हुए थे चोर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वायर एंड केबल कंपनी के वाइस प्रेसिडेंट की भांजी की शादी समारोह से चोरों ने 80 लाख रुपये से भरा गहनों का बैग चोरी कर लिया। चोर शादी समारोह में होटल स्टाफ बनकर सम्मिलित हुए थे।
बैग गायब होने की सूचना होटल स्टाफ को दी तो उन्होंने भी मामले में ढिलाई बरती। यहां सीसीटीवी कैमरे चेक किए गए तो ज्यादातर खराब मिले। इसकी शिकायत डीएलएफ फेस-2 थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार नोएडा के एनआरआई रेजीडेंसी निवासी भूषण साहनी ने शिकायत में बताया कि वह नोएडा में एक वायर एंड केबल कंपनी में वाइस प्रेसिडेंट हैं। उनकी भांजी अनुभा की शादी फरीदाबाद निवासी अश्वनी से तय हुई थी।
शादी समारोह के लिए उन्होंने गुरुग्राम का होटल लीला बुक किया था। 25 नवंबर को शादी समारोह के लिए दोनों पक्षों के परिवार व परिचित यहां पहुंच गए। यहां समारोह के दौरान उन्होंने गहनों से भरा बैग उस सोफे के साथ रख दिया, जिस पर वह बैठे थे।
बैग में दूल्हा व दूल्हन दोनों के गहने थे
रात करीब पौने 1 बजे उन्हें मामूली नींद आ गई। इस दौरान कोई उनका गहनों से भरा बैग लेकर चला गया। अपने पास से किसी के गुजरने की आहट महसूस कर उनकी नींद खुल गई, जिस पर उन्होंने देखा कि उनके सोफे के पास रखा गहनों से भरा बैग गायब है।
उन्होंने आसपास देखा, लेकिन बैग नहीं मिला। इस दौरान उन्हें होटल स्टाफ के दो सदस्य भी गायब मिले। इस पर उन्होंने होटल स्टाफ को गेट बंद करवाने और उक्त दोनों को ढूंढने को भी कहा, लेकिन स्टाफ इसमें लापरवाही बरतता रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि अनेक बार कहने के बाद भी सिक्योरिटी इंचार्ज रवि और अजयराम ने उनकी शिकायत पर लापरवाही बरती।
इसके बाद उन्होंने पार्टी हॉल में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखनी चाही, लेकिन यहां लगे ज्यादातर सीसीटीवी कैमरे भी बंद मिले। उन्होंने बताया कि बैग में दूल्हा व दूल्हन दोनों के गहने थे। जिनकी कीमत करीब 80 लाख रुपये थी।
भूषण ने बताया कि उन्होंने दो लोगों को होटल स्टाफ की वर्दी में देखा था। बैग चोरी होने के बाद से वह दोनों भी गायब हैं। इस पर उन्होंने पुलिस को इसकी शिकायत दी। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। डीएलएफ फेस-2 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुदीप कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
वेस्टन होटल में भी गहने व नकदी चोरी
डीएलएफ थाना पुलिस ने एक व्यक्ति की शिकायत पर वेस्टन होटल से गहने व नकदी चोरी होने का मामला दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में सुशांत लोक फेस-1 निवासी धीरा सिंह ने कहा कि 25 नवंबर को समारोह के लिए वेस्टन होटल में पार्टी लॉन बुक किया हुआ था।
देर रात करीब साढ़े 12 बजे अज्ञात व्यक्ति उनका गहनों व नकदी से भरा बैग चोरी कर ले गया। बैग में करीब 4.5 लाख रुपये की नकदी व गहने थे। इसकी सूचना पुलिस को दी गई पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।