पत्नी को मैसेज करने पर टोका तो पड़ोसी ने दंपति को कर दिया लहूलुहान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पटेल नगर इलाके में पत्नी के मोबाइल पर मैसेज करने से मना करने पर एक युवक ने अपने दो भाइयों के साथ मिलकर प्रॉपर्टी डीलर और उसकी पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया। दंपति को बैट से लहूलुहान करने के बाद सभी आरोपी फरार हो गए।
दंपति को जख्मी हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पटेल नगर थाना पुलिस आरोपियों पर गैर इरादतन हत्या का प्रयास का मामला दर्ज कर उनकी तलाश कर रही है। पुलिस के अनुसार प्रॉपर्टी डीलर राहुल मनचंदा (34) सपरिवार वेस्ट पटेल नगर में रहता है।
बृहस्पतिवार शाम राहुल की पत्नी ने उसे बताया कि पड़ोस में रहने वाले बंटी ने उसके मोबाइल पर मैसेज किया है। यह बात सुनने के बाद राहुल बंटी के घर पहुंचा और उससे मैसेज करने की बात पूछी। बंटी ने कोई जवाब नहीं दिया। राहुल उसे आगे से मैसेज नहीं करने की बात कहकर अपने घर आ गया।
राहुल लहूलुहान होकर नीचे गिर गया
कुछ देर बाद बंटी अपने दो भाइयों जीवतेश ग्रोवर और कपिल ग्रोवर के साथ राहुल के घर पहुंचा। राहुल के गेट खोलते ही बंटी व उसके दोनों भाइयों ने राहुल के सिर पर क्रिकेट बैट और डंडे से हमला कर दिया। राहुल लहूलुहान होकर नीचे गिर गया।
शोर सुनकर उसकी पत्नी वहां पहुंची और पति पर हमला कर रहे तीनों भाइयों को रोकने की कोशिश की, तो तीनों आरोपी उसके चेहरे पर भी बैट से हमला कर फरार हो गए। सौ नंबर पर घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दंपति को इलाज के लिए लेडी हार्डिंग अस्पताल में भर्ती कराया।
पीड़ितों के बयान पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जबरन घर में घुसकर गैर इरादतन हत्या का प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से आरोपी फरार हैं। मुख्य आरोपी बंटी मोबाइल की दुकान चलाता है।