पत्नी के चरित्र पर करता था संदेह, मर्डर कर की हार्ट अटैक दिखाने की कोशिश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आरके पुरम में सोमवार सुबह एक व्यक्ति ने गोली मारकर पत्नी की हत्या कर दी। आरोपी ने मामले को हार्ट अटैक दिखाने की कोशिश की थी। वह पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था और दोनों कई महीनों से बातचीत नहीं कर रहे थे।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त कट्टा बरामद कर लिया गया। दक्षिण-पश्चिम जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सीपीडब्ल्यूडी में पंप ऑपरेटर बाला उर्फ बलराम (55) सेक्टर-सात आरके पुरम में पत्नी वीना (53) के साथ रहता है।
साथ में बेटा व पुत्रवधू भी रहती है। बेटी की शादी हो चुकी है। बाला व वीना में बनती नहीं थी। वह पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था। सोमवार सुबह करीब छह बजे पति-पत्नी में किसी बात पर झगड़ा हुआ था।
तैश में आकर बाला ने पत्नी को दो गोलियां मार दीं। एक गोली वीना के पेट व दूसरी पीठ में लगी। हत्या करने के बाद आरोपी ने पत्नी के खून से सने कपड़े बदल दिए थे, साथ ही अपने कपड़े भी बदल लिए। घर में जो खून बिखरा था वह भी साफ कर दिया था।
नोएडा से खरीदा था कट्टा
पत्नी के साथ पार्टी में रविवार को गया बेटा सोमवार दोपहर तीन बजे घर लौटा, तो उसने मां को नीचे पड़े देखा। बेटे के पूछने पर बाला ने बताया कि उसकी हार्ट अटैक से मौत हो गई है। बेटे ने इसकी सूचना बहन को दी।
बहन घर आई और उसने देखा कि मां के शरीर से खून निकल रहा है, तो बेटी के पति ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस को सूचना देने के बाद बाला फरार हो गया। हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। टीम ने आरोपी को मंगलवार को कोटला मुबारकरपुर इलाके से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी बाला ने बताया कि उसने कट्टा नोएडा से खरीदा था। ढाबे पर उसकी एक व्यक्ति से जान-पहचान हो गई थी। उक्त व्यक्ति ने कुछ हजार रुपये लेकर उसे कट्टा दे दिया था। कट्टा उसने कई महीने पहले खरीदा था। काफी पहले ही उसने हत्या की साजिश रच ली थी।