क्या है गाजियाबाद में युवती से गैंगरेप का सच?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गाजियाबाद के वैशाली सेक्टर-3 के मॉल के सामने से अगवा कर रिसेप्शनिस्ट के साथ रेप के मामले में मेडिकल रिपोर्ट निगेटिव आई है।
पुलिस के अनुसार मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद साफ हो गया है कि रिसेप्शनिस्ट के साथ रेप हुआ ही नहीं।
इतना ही नहीं कॉल लोकेशन और कॉल डिटेल्स भी युवती के रिकॉर्डेड बयानों से मेल नहीं खा रही है। हालांकि पुलिस अभी भी आरोपियों की तलाश में जुटी है।
कॉल लोकेशन से फर्जी साबित हो रहे आरोप
वैशाली सेक्टर-1 स्थित एक मॉल में काम करने वाली युवती ने तीन अज्ञात युवकों को शनिवार को उसे वैशाली से अगवा कर नोएडा के एक फ्लैट में रेप का आरोप लगाया था।
जिसके बाद पुलिस ने सौरव, गौरव और अरुण उर्फ मिंटू नामक आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करते हुए युवती को मेडिकल जांच के लिए भेजा था।
एसएचओ इंदिरापुरम राशिद अली ने बताया के मेडिकल रिपोर्ट में युवती के साथ रेप की पुष्टि नहीं हुई है, जिससे रेप के आरोप में संशय है। इतना ही नहीं युवती की कॉल लोकेशन बताती है कि शनिवार 28 जून को वह वैशाली आई ही नहीं।
युवती पर होगी एफआईआर!
लड़की ने अगवा करने का जो समय बताया है उस वक्त उसके फोन की लोकेशन गाजियाबाद के जीटी रोड पर आई है। कुछ समय बाद लोकेशन नोएडा में थी।
युवती ने रिकॉर्डेड बयानों में कहा था कि आरोपियों ने उसे गाड़ी में बैठाते ही सिम तोड़कर फेंक दिया था। मगर पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि उसका सिम अगले दिन यानि रविवार दोपहर तक चल रहा था।
सीओ इंदिरापुरम अतुल यादव ने बताया कि युवती के बयानों में काफी विरोधाभास दिखाई दे रहा है। मेडिकल रिपोर्ट भी निगेटिव आई है। जिसके बाद आरोपों पर संशय बढ़ गया है। पुलिस जांच कर रही है कि आरोपी युवती को साथ लेकर गए भी थे या नहीं। अगर आरोप गलत पाए जाते हैं तो युवती के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी।
पुलिस जांच में गड़बड़ी!
युवती ने बताया कि उसने जो रिपोर्ट लिखाई है, वह बिल्कुल सही है। उसके साथ वारदात हुई है। अगर पुलिस केस को झूठा बताएगी तो वह अफसरों से इसकी शिकायत करेगी।
उसने बताया कि वह अब अपने घर नहीं, लोहियानगर में अपने रिश्तेदार के घर रह रही है। वह जल्द ही पुलिस अधिकारियों से मिलकर केस की प्रोग्रेस के बारे में जानेगी।
इसके साथ ही आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करेगी। दूसरी तरफ, युवती के परिजन इस मामले में कुछ भी बोलने से बच रहे हैं।