दिल्लीः नेपाली युवती के साथ गैंगरेप
दक्षिण दिल्ली के महरौली इलाके में नेपाली युवती के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। करीब आधा दर्जन लोगों ने शराब के नशे में युवती के साथ दुष्कर्म किया। आरोपियों ने युवती को जबरदस्ती शराब भी पिलाई।
इस घटना के बाद युवती की हालत खराब है और अस्पताल में भर्ती है। मेडिकल जांच में युवती के साथ दुष्कर्म और शराब पिलाने की पुष्टि हो गई है। दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त बीएस जयसवाल ने युवती के साथ दुष्कर्म होने की घटना की पुष्टि की है।
पुलिस के अनुसार, युवती शिप्रा (19, बदला हुआ नाम) मूलरूप से काठमांडू (नेपाल) की रहने वाली है। वह पानीपत में पांच हजार रुपये की नौकरी करती थी। करीब ढाई महीने पहले रंजू नाम की युवती और उसका दोस्त अम्मू उसे दिल्ली लेकर आ गए।
महरौली थाना पुलिस ने एक युवती समेत दो आरोपियों को पकड़ा
दिल्ली में उसे दस हजार रुपये में नौकरी दिलवाने का झांसा दिया। वह मालवीय नगर केखिड़की एक्सटेंशन में इनके साथ रह रही थी। शिप्रा ने महरौली थाना पुलिस को सोमवार सुबह दी शिकायत में कहा है कि रविवार शाम को रंजू व अम्मू ने उसे वेस्ट मार्ग, सैदुल्लाजाब में रहने वाले सुभाष के पास काम के बहाने भेजा।
यहां पर सुभाष व उसके दोस्तों ने उसे जबरदस्ती शराब पिला दी। सुभाष व उसके पांच दोस्तों ने शराब के नशे में उसके साथ दुष्कर्म किया। सुबह साढ़े पांच बजे शिप्रा आरोपियों केचंगुल से निकल कर भागी और 100 नंबर पर पुलिस कंट्रोम रूम को सूचना दी।
सूचना मिलते ही दक्षिण जिला पुलिस अधिकारी सक्रिय हो गए। युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया। युवती ने अपनी शिकायत में ये भी कहा कि रंजू व अम्मू ने उसे वेश्यावृत्ति कराने के लिए सुभाष के पास भेजा।
दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त बीएस जयसवाल ने बताया कि रंजू व मंजू को पकड़ लिया है, बाकी आरोपियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। महरौली थाना पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म और वेश्यावृत्ति कराने का मामला दर्ज लिया था।