एयरफोर्स के फ्लाइट लेफ्टिनेंट ने अपनी लिव इन पार्टनर के साथ किया दुष्कर्म, पहुंचा सलाखों के पीछे
युवती के साथ लिव-इन में रह रहे फ्लाइट लेफ्टिनेंट पर दुष्कर्म का मामला दर्ज हुआ है। युवती को जब युवक के शादीशुदा होने की बात पता चली तो उसने शिकायत पुलिस को दी।
पुलिस ने मामला दर्ज करके युवक को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार राजीव कॉलोनी निवासी 22 वर्षीय युवती एक प्राइवेट कंपनी में काम करती है।
उसने अपनी शादी के लिए जानकारी वैवाहिक साइट पर अपडेट की हुई थी। साइट के माध्यम से उसकी मुलाकात सन्नी सिवाच नाम के युवक से हुई। बातचीत के दौरान उसने बताया कि वह एयरफोर्स में बतौर फ्लाइट लेफ्टिनेंट तैनात है। दोनों में बातचीत बढ़ गई। इस दौरान दोनों राजीव कॉलोनी में ही लिव-इन में रहने लगे।
सन्नी ने उसे मकान खरीदने के लिए 3 लाख रुपये भी दिए
इस दौरान उसने शादी करने की बात कहकर उससे कई बार शारीरिक संबंध बनाए लेकिन जब उसने विरोध किया तो उसने जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान सन्नी ने उसे मकान खरीदने के लिए 3 लाख रुपये भी दिए।
इस दौरान उसे पता लगा कि वह पहले से ही शादीशुदा है। इस पर उसने मंगलवार शाम को सदर थाना पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल करवाकर मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज कराए।
मामले की जांच कर रही महिला एएसआई कैलाश का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।