{"_id":"5980ab1f4f1c1bf80a8b46da","slug":"five-arrested-in-cab-loot-case-in-delhi","type":"story","status":"publish","title_hn":"चालक को अगवा कर कैब लूटने वाले पांच गिरफ्तार ","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
चालक को अगवा कर कैब लूटने वाले पांच गिरफ्तार
ब्यूरो/अमर उजाला, नई दिल्ली
Updated Wed, 02 Aug 2017 09:39 AM IST
विज्ञापन
- फोटो : demo
मुखर्जी नगर थाना पुलिस ने चालक को अगवा कर कैब लूटने वाले पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से स्विफ्ट डिजायर कार के अलावा पीड़ित का बैग और दो फर्जी नंबर प्लेट बरामद किए हैं।
विज्ञापन
आरोपियों ने खुलासा किया है कि आर्थिक तंगी की वजह से उनलोगों ने वारदात को अंजाम दिया है। पकड़े गये दो आरोपियों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। जबकि एक एमबीए की पढ़ाई कर चुका है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
विज्ञापन
जिला पुलिस उपायुक्त मिलिंद डूंबरे ने बताया कि मूलत: गांव झूंदपुर ग्रेटर नोएडा निवासी धर्मेंद्र पेशे से कैब चालक है। गत 28 जुलाई को जीटीबी नगर से ऐप के जरिए उसके कैब को बख्तावरपुर जाने के लिए बुक किया गया था।
विज्ञापन
जहां पहुंचने पर पांच लोग उसके कैब में सवार हुए। बुराड़ी के पास पेशाब करने के बहाने बदमाशों ने उसकी कार रूकवायी और फिर धर्मेंद्र को अपने कब्जे में कर लिया। बदमाशों ने उसकी पिटाई करने के बाद पैर हाथ बांध दिया और कार लेकर फरार हो गये।
पीड़ित की शिकायत पर थाना प्रभारी अनिल कुमार चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन नंबर की जांच शुरू की। साथ ही पुलिस ने ओला कैब के जीपीएस की जानकारी हासिल की।
जीपीएस के जरिए पुलिस को पता चला कि उसका अंतिम लोकेशन नत्थूपुरा में है। साथ ही आरोपियों के नंबर की जांच करने के दौरान पता चला कि वह नत्थूपुरा के रहने वाले एक बुजुर्ग का है। बुजुर्ग से पूछताछ में पता चला कि उसने अपने फोन को एक दुकान पर ठीक होने के लिए दिया है।
पुलिस ने उस दुकानदार से पूछताछ की तो पता चला कि एक युवक उसके दुकान से सिम लेकर गया था। दुकानदार पुलिस को उस युवक के घर ले गया। यह घर दीपक का था। पुलिस ने दीपक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जिससे वारदात का खुलासा हो गया।
पुलिस ने उसके निशानदेही पर वारदात में शामिल चार अन्य आरोपियों नत्थुपुरा निवासी राजेश कुमार मेहता, पुनीत, राजेश शर्मा और नीरज शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने जांच के बाद बताया कि राजेश मेहता और पुनीत पर अपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं नीरज एमबीए कर इंश्योरेंस का काम करता है। तफ्तीश में पता चला कि सभी आरोपी कैब की चोरी कर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उसे निजी कार बनाकर बेचने के फिराक में थे।