ड्रंक एंड ड्राइव कैंपेन में व्यस्त थी पुलिस, चोरों ने उड़ा लिए वायरलेस सेट और एल्को मीटर
दिल्ली के कोटला मुबारकपुर इलाके से दिल्ली पुलिस का क्यूआरटी चोरी होने का मामला शांत भी नहीं हुआ कि दो अलग अलग जगहों पर वायरलेस सेट और एल्को मीटर चोरी हो गया। दिल्ली पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
पहला मामला मोती नगर इलाके का है। ओमप्रकाश दिल्ली पुलिस में एएसआई है। उसकी तैनाती राजौरी गार्डन सर्किल में है। गत 22 अगस्त को वह अन्य पुलिसकर्मियों के साथ नजफगढ़ से जखीरा की ओर जाने वाली सड़क पर ड्रंक एंड ड्राइव अभियान में शामिल था।
इसी दौरान वहां बाइक सवार दो युवक पहुंचे। शराब के नशे में होने की वजह से पुलिस ने एल्को मीटर से जांच की और चालान कर दिया। इसके बाद दोनों युवक कहासुनी करने लगे।
शोर शराबा होने पर काफी लोग जमा हो गए। ओमप्रकाश ने एल्को मीटर मशीन सिपाही लोकेश को दे दी। लोकेश ने मशीन को बैग में रख दिया और बैग को बाइक के हैंडल में टांग दिया।
मामला शांत होने पर पुलिसकर्मियों ने बैग गायब पाया। बैग में एल्को मीटर के अलावा चालान मशीन और कैमरे भी थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि भीड़ का फायदा उठाकर किसी ने बैग चुराया है।
कमला मार्केट से चोरी हुआ वायरलेस सेट
वहीं, कमला मार्केट इलाके में यातायात पुलिस का वायरलेस सेट चोरी होने का मामला सामने आया है। एएसआई प्रमोद कुमार कमला मार्केट सर्किल में तैनात है। बुधवार को वह एक खराब वायरलेस सेट को ठीक करवाने के लिए आईटीओ स्थित ट्रैफिक कंट्रोल रूम जा रहा था। बाइक में डिग्गी नहीं होने की वजह से उसने सेट को बेल्ट में लगा लिया।
डीडीयू मार्ग पर उसकी नजर बेल्ट पर पड़ी। उसने वायरलेस सेट को गायब पाया। उसने तुरंत अधिकारियों की इस घटना की जानकारी दी और कमला मार्केट थाने में चोरी के बाबत शिकायत दर्ज की।
उसने बताया कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के पास भीड़ भाड़ होने की वजह से वह कुछ देर के लिए रुका है। आशंका है कि इसी दौरान किसी ने सेट को चुरा लिया। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिये जांच में जुट गई है।