'17 लाख दो वरना रेप केस में फंसा दूंगा'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने ठगी के आरोप में एक फर्जी सीबीआई अफसर को गिरफ्तार किया है। इसके पास से फर्जी परिचय पत्र व मुहर, पुलिस वर्दी में फोटो, रिवाल्वर रखने का कवर और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
आरोपी खुद को सीबीआई अफसर दिखाने के लिए हमेशा रिवाल्वर का कवर लगाकर रखता था।
अपराध शाखा के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अशोक चांद के अनुसार, करावल नगर निवासी बीएसईएस ठेकेदार रामसिंह (बदला नाम) ने 5 नवंबर को पुलिस को शिकायत दी कि उससे उगाही के लिए फोन आ रहे हैं।
फोन करने वाला खुद को सीबीआई अफसर बताते हुए धमकी देता है कि महिला की शिकायत पर सीबीआई यौन शोषण के मामले को लेकर उसके खिलाफ जांच कर रही है। अगर उसने 17 लाख रुपये नहीं दिए तो वह उसे दुष्कर्म के मामले में फंसा देगा।
ऐसे फंसा जाल में
रामसिंह ने डरकर आरोपी को 21 हजार रुपये दे दिए। मामला दर्ज कर अपराध शाखा में तैनात इंस्पेक्टर राजीव कुमार की टीम ने जांच शुरू की। टीम ने बृहस्पतिवार को दरियागंज से कोटा राजस्थान निवासी बलराज सिंह महाराणा उर्फ बंटी (34) को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी वर्ष 2010 में कोटा में एनडीपीएस एक्ट में गिरफ्तार हुआ था। वर्ष 2012 में जेल से बाहर आने के बाद वह फर्जी सीबीआई अफसर बनकर ठगी करने लगा।
उसने कोटा में एक व्यवसायी का अपहरण करने का भी प्रयास किया था। पुलिस ने उस सिम कार्ड को भी बरामद कर लिया है जिससे वह ठगी के लिए फोन करता था।