आईएएस अधिकारी की पत्नी और बेटी ने की खुदकुशी
दिल्ली में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है जहां एक आईएएस अफसर की पत्नी और बेटी ने पंखे से लटककर खुदकुशी कर ली। मामला मधुर विहार इलाके के नीलकंठ अपार्टमेंट का है।
सुबह जब नौकरानी घर के अंदर घुसी तो दरवाजा नहीं खुल रहा था। जिसके बाद उसने मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पुलिस पहुंची तो देखा कि अलग-अलग कमरों में अफसर की पत्नी और बेटी के शव पंखे से लटक रहे थे।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आईएएस अफसर बालकृष्ण बंसल कॉरपोरेट अफेयर्स के डीजी के पद पर काम कर रहे हैं। शनिवार को जिन्हें भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
सुसाइड नोट में सीबीआई पर परेशान करने का आरोप
घटनास्थल पर एक सुसाइड नोट भी मिला है जिसमें सीबीआई पर परेशान करने का आरोप लगाया गया है। आपको बता दें शनिवार को 9 लाख रुपये की रिश्वत के मामले में बीके बंसल को सीबीआई ने गिरफ्तार किया था।
जिसके बाद उन्हें रिमांड पर भी भेज दिया गया। पत्नी सत्यबाला और उनकी 27 वर्षीय बेटी नेहा के सुसाइड नोट में सीबीआई द्वारा परेशान करने का गंभीर आरोप लगाया गया है।
हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मामले की सही वजह का पता लग पाएगा।