युवती को सुसाइड के लिए उकसाने वाले SHO की जमानत पर कल होगा फैसला
युवती को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में गिरफ्तार थाना प्रभारी दिनेश कुमार की जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए तीस हजारी कोर्ट ने अपना फैसला 7 मई तक के लिए सुरक्षित रखा है।
बता दें कि तीस हजारी अदालत के गेट संख्या एक पर शुक्रवार (29 अप्रैल) की दोपहर एक युवती ने जहर खाकर जान दे दी थी। उसके पास से एक पन्ने का सुसाइड नोट मिला था, जिसमें उसने बाहरी दिल्ली के विजय विहार थाना प्रभारी दिनेश कुमार पर अत्याचार और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था।
युवती की मौत के बाद हरकत में आई पुलिस ने सब्जी मंडी थाने में आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर देर रात थाना प्रभारी को गिरफ्तार कर लिया। युवती की पहचान शर्मा कालोनी बुध विहार निवासी रेखा (25) के रूप में हुई थी।
युवती ने कोर्ट में खाया था जहर
पुलिस के मुताबिक 29 अप्रैल की शाम अरुणा आसफ अली अस्पताल से फोन आया कि 25 साल की युवती की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई है। छानबीन करने पर पता चला कि युवती करीब दो बजे तीस हजारी अदालत के गेट संख्या 1 ए पर जहर खाने के बाद बेहोश मिली थी।
एक अनजान शख्स ने कैट्स एंबुलेंस को मौके पर बुलाकर उसे अस्पताल में भर्ती कराया था। अस्पताल के मेडिकल रिपोर्ट (एमएलसी) में जिक्र है कि युवती ने अस्पताल में भर्ती होने के दौरान बताया कि उसने सल्फास की गोलियां खा ली हैं। उसके मुंह से झाग निकल रहा था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
कैट्स एंबुलेंस के कर्मचारियों ने डॉक्टरों को महिला के पास से मिले दो कागजात दिए। इसमें एक उसका सुसाइड नोट था और दूसरा पांच पन्ने का शिकायत पत्र। इसके अलावा उसके पास से आधार कार्ड की फोटो कॉपी, 138 रुपये, दो फोटो और तीन सल्फास की गोलियां मिलीं। पुलिस ने सभी सामान को सील कर दिया। उसके बाद क्राइम टीम ने घटनास्थल की जांच की।