केवल लूटपाट या हत्या के पीछे है गहरा राज
बाहरी दिल्ली के नरेला इलाके में मंगलवार दोपहर एक कपड़ा कारोबारी की पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। घर से नकदी और जेवरात गायब हैं। आशंका है कि लूटपाट की नीयत से वारदात को अंजाम दिया गया है।
आरोपी के घर में फ्रेंडली एंट्री होने की वजह से पुलिस वारदात में किसी परिचित के शामिल होने की आशंका जता रही है। नरेला थाना पुलिस ने लूटपाट और हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू करदी है।
पुलिस के अनुसार सुमन (38) पति किशोर मोटवानी अपने दो बच्चों के साथ पंजाबी कॉलोनी में रहते थे। किशोर की शास्त्री मार्केट में कपड़े की दुकान है।
कमरे में सामान बिखरा था और अचेत पड़ी थी सुमन
किशोर रोज की तरह मंगलवार को अपने दुकान पर चले गए। उसके बच्चे स्कूल चले गए थे और घर पर सुमन अकेली थी। मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे नौकर राहुल अपने मालिक किशोर का खाना लेने के लिए घर पहुंचा।
उसने देखा कि दरवाजा खुला है और अंदर सुमन को अचेत पड़ी हुई हैं। कमरे में सामान बिखरा हुआ था। उसने तुरंत घटना की जानकारी अपने मालिक को दी। किशोर तुरंत घर पहुंचे और इसकी जानकारी पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि सुमन की गला घोंटकर हत्या की गई है। जांच में पता चला कि घर से नकदी और जेवरात गायब हैं। पुलिस ने आशंका जताई जा रही है कि लूटपाट में किसी परिचित का हाथ हो सकता है। पुलिस सुमन के पति और उसके नौकर से पूछताछ कर रही है।