भाजपा सभासद के बेटे का दिनदहाड़े किया अपहरण, लूट के बाद चलती कार से फेंका
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बुलंदशहर के भाजपा सभासद के बेटे नितिन अग्रवाल का कार सवार हथियारबंद बदमाशों ने सेक्टर-29 से दिनदहाडे़ अपहरण कर लिया। बदमाश डेढ़ घंटे तक नितिन को कार में घुमाते रहे, इस दौरान बदमाशों ने कई बार उन पर पिस्टल की बट से वार भी किया।
बाद में 90 हजार रुपये, मोबाइल व अन्य कीमती सामान लूट चलती कार से ग्रेटर नोएडा में फेंककर फरार हो गए। घटना के बाद नितिन ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी, लेकिन ग्रेटर नोएडा थाने में रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। उसके बाद उन्हें सेक्टर-39 थाने भेजा गया पर वहां भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई।
पुलिस ने अस्पताल पहुंचाने व जीरो एफआईआर दर्ज करने की जगह सेक्टर-20 थाने में भेज दिया, जहां देर रात उनकी रिपोर्ट दर्ज की गई। वारदात में नितिन को काफी गंभीर चोटें भी आई हैं।
बुलंदशहर (उप्र) के मूल निवासी नितिन अग्रवाल की मां गीता अग्रवाल बुलंदशहर से भाजपा की सभासद हैं। नितिन वसुंधरा सेक्टर-5 गाजियाबाद में रहते हैं और सेक्टर-3 स्थित एचसीएल कंपनी में एकाउंटेंट के पद पर तैनात हैं।
परिजनों ने पुलिस के रवैये पर उठाए सवाल
रविवार दोपहर में वे बुलंदशहर जाने के लिए सेक्टर-29 के पास बस का इंतजार कर रहे थे। तभी उनके पास एक कार आकर रुकी। कार सवार एक शख्स ने पता पूछने के बहाने कार के पास बुलाया। जैसे ही वे कार के पास पहुंचे तो उसमें सवार अन्य लोगों ने उन्हें जबरन कार में बैठा लिया।
नितिन के भाई दीपांशु ने बताया कि चालक समेत कार में कुल चार बदमाश थे। अपहरण के बाद सभी बदमाशों ने नकाब पहन लिया और एक बदमाश ने नितिन की कनपटी पर पिस्टल सटा दी। बदमाशों ने पहले उसका एटीएम मांगा।
एटीएम न देने पर बदमाशों ने पिस्टल की बट से नितिन पर वार कर दिया, फिर उसे जान से मारने की धमकी भी दी। नितिन के पास दो एटीएम थे, जिससे बदमाशों ने कई ट्रांजेक्शन कर के 90 हजार रुपये एटीएम से निकाल लिए। बदमाशों ने मोबाइल, पर्स व अन्य सामान भी लूट लिया और शाम करीब चार बजे बीटा-2 के पास फेंक कर फरार हो गए। बाद में पुलिस को मामले की सूचना दी।
'पुलिस का रवैया काफी बुरा था। पुलिस किसी भी थाने में जीरो एफआईआर दर्ज कर सकती थी। मगर पुलिस घटना के बाद से रात तक घायल अवस्था में नितिन को घुमाती रही। लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने उस पर वार किया, जिससे उसे गंभीर चोट आई है।' - दीपांशु, पीड़ित का भाई
'घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। रिपोर्ट दर्ज करने में जिस भी पुलिसकर्मी या अधिकारी के स्तर पर लापरवाही बरती गई है, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।' - दिनेश यादव, एसपी सिटी