फौजी के बेटे ने मैसेज भेज दी खुद के अपहरण की सूचना, सदमे से मां की हालत गंभीर
मैसेज भेजकर छात्र ने दी खुद को अगवा किए जाने की सूचना
- रविवार शाम घर से निकला था छात्र, 24 घंटे बाद भी सुराग नहीं
- छुट्टी मेें घर लौटे फौजी के बेटे का हुआ अपहरण
अमर उजाला ब्यूरो
जेवर।
विस्तार
घर से दौड़ने की बात कहकर रविवार शाम को निकले दसवीं के छात्र ने देर रात परिजनों को अपने अपहरण की सूचना दी है। अपहरण की सूचना मिलते ही परिजन का बुरा हाल है। बच्चे के पिता फौज में हैं।
तबीयत खराब होने पर रविवार को जेवर के एक अस्पताल में उसकी मां को भर्ती कराया गया था। पिता ने बेटे के अपहरण की शिकायत जेवर कोतवाली पुलिस को दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जेवर के बंकापुर निवासी हरविजय का बेटा जेवर के प्रज्ञान पब्लिक स्कूल में दसवीं का छात्र है। हरविजय कुछ समय पहले ही सेना से छुट्टी लेकर बंकापुर आए थे। पत्नी की तबियत ज्यादा खराब होने की वजह से रविवार को उन्होंने पत्नी को इलाज के लिए जेवर अस्पताल में दिखाया।
जहां डॉक्टरों के कहने पर उन्हे भर्ती कर लिया गया। रविवार शाम को ही घर से हरविजय का बेटा विशाल अपने दादी मां से दौड़ने की बात कह घर से निकाला था लेकिन देर रात तक वापस नही आया।
छात्र को सकुशल बरामद करने के प्रयास में जुटी है पुलिस
घर वालों ने बच्चे के फोन पर संपर्क किया तो फोन रिसीव नहीं हुआ बल्कि उधर से छात्र का घर वालों के फोन पर मैसेज आया जिसमें उसने अपने अपहरण कर किसी कमरे में बंद कर रखने की बात कही। साथ ही बताया कि रुमाल से मुंह ढकने के बाद उसे बेहोश कर दिया गया था।
आरोपियों ने उसे किसी कमरे में बंद कर रखा है। फोन से बात करने पर आरोपी उसे जाने से मार देंगे। इसके बाद परिजनों ने कोतवाली पहुंच मामले की शिकायत कोतवाली पुलिस को दी है। पुलिस की टीम छात्र के तलाश में जुट गई है।
बंकापुर निवासी एक छात्र के अपहरण की सूचना दी गई है। पुलिस टीम को छात्र की लोकेशन तलाश कर बरामदगी के लिए लगाया गया है। हालांकि छात्र के फोन यूज करने से अपहरण की बात पहली नजर में संदिग्ध नजर आ रही है। फिर भी पुलिस का काम छात्र को सकुशल बरामद करना है और पुलिस अपना काम कर रही है। - राजपाल सिंह तोमर, कोतवाली प्रभारी जेवर।