{"_id":"589cad3a4f1c1b8a5237b645","slug":"a-rogue-extortion-racket-run-defeats-from-prison","type":"story","status":"publish","title_hn":"जेल से उगाही का धंधा चलाने वाला बदमाश धरा","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
जेल से उगाही का धंधा चलाने वाला बदमाश धरा
ब्यूरो/अमर उजाला, नई दिल्ली।
Updated Fri, 10 Feb 2017 10:51 AM IST
विज्ञापन
आरोपी बादल।
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर पश्चिम जिले के एंटी रॉबरी सेल ने जेल से उगाही का धंधा चलाने वाले एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। बदमाश पर हत्या, हत्या का प्रयास और उगाही के कई मामले दर्ज हैं। दिल्ली पुलिस ने उस पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
विज्ञापन
पुलिस ने शालीमार बाग के दो कारोबारियों से लाखों की उगाही मांगने और रुपये नहीं देने पर उन पर गोली चलाने के मामले में बदमाश को गिरफ्तार किया है। जिला पुलिस उपायुक्त मिलिंद डूंबरे ने बताया कि पकड़े गए बदमाश की पहचान शालीमार बाग निवासी हरसिमरन उर्फ बादल के रूप में हुई।
विज्ञापन
उस पर दो हत्या समेत पंद्रह मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि हरसिमरन की गिरफ्तारी से उगाही और आर्म्स एक्ट के चार मामले सुलझा लिए गए हैं। हरसिमरन की खौफ की वजह से कारोबारियों को दिल्ली पुलिस की ओर से पीएसओ मुहैया करवाए गए थे।
विज्ञापन
उपायुक्त ने बताया कि शालीमार बाग इलाके में रहने वाले दो कारोबारियों ने 2 जून 2016 को हरसिमरन के खिलाफ पांच लाख रुपये की मांग करने की शिकायत दर्ज कराई थी।
इस मामले में जेल जाने पर उसने अपने सहयोगियों के जरिये जेल से ही दोनों की हत्या करने की साजिश रची, लेकिन स्पेशल सेल ने 13 जून 2016 को उसके सहयोगी वसंत वर्मा को गिरफ्तार कर लिया और उनकी साजिश का खुलासा कर दिया।
इसके बाद हरसिमरन ने पीड़ितों की कार पर गोली चलवाई। 16 सितंबर को जेल से निकलने के बाद वह अपने सहयोगियों के साथ कारोबारियों के घर पहुंचा और उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
साथ ही दोनों से 10 लाख और सात लाख की रंगदारी मांगी। थाने में मामला दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए कई जगहों पर दबिश दी। बाद में उस पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया। 8 फरवरी को पुलिस को हरसिमरन के शालीमार बाग में आने की जानकारी मिली और उसे गिरफ्तार कर लिया।