12वीं की छात्रा ने लगाई फांसी, सुसाइड नोट पर लिखा 'मौसा मेरे साथ..'
12वीं की छात्रा ने अपने मौसा के कारण जान दे दी। उसने इस बात का सुसाइस नोट में किया खुलासा।
रोहिणी जिले के शाहबाद डेयरी इलाके में मौसा की धमकियों से परेशान होकर 12वीं कक्षा की छात्रा ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। मृतका की शिनाख्त संगीता (17) के रूप में हुई है।
पुलिस को मृतका के पास से एक डयरी में लिखा हुआ सुसाइड नोट बरामद हुआ, जिसमें संगीता ने मौसा को मौत के लिए जिम्मेदार बताया है।
पुलिस ने नोट के आधार पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर आरोपी मौसा संतोष उर्फ कबाड़ी को गिरफ्तार कर लिया है। कोर्ट में पेश कर आरोपी को जेल भी भेज दिया गया है। शाहबाद डेयरी थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
घर में आग लगने से था नाराज
पुलिस के मुताबिक संगीता अपने परिवार के साथ मेट्रो विहार, फेस-2, होलंबी कलां में रहती थी। इसके परिवार में पिता रामेश्वर, मां पुष्पा व दो भाई हैं। संगीता इलाके के सरकारी स्कूल में 12वीं कक्षा की छात्रा था।
रामेश्वर ने अपने साडू संतोष उर्फ कबाड़ी के साथ मिलकर प्लॉट लिया था। उसकी ग्राउंड फ्लोर पर रामेश्वर का परिवार रहता था, जबकि पहली मंजिल पर संतोष का परिवार।
गत 29 जनवरी 2018 को संतोष के घर में आग लग गई, जिससे उसका सारा सामान जल गया। संतोष व उसकी पत्नी सरिता संगीता को आग लगाने का दोषी मानते थे। इसी बात पर संतोष संगीता को मारने की धमकी देता था।
गत 20 फरवरी को अज्ञात शख्स ने संगीता के घर में आग लगाने का प्रयास किया, लेकिन समय पर आग बुझा ली गई। इसके बाद से संगीता के दिल में दहशत बैठ गई।
इधर मौसा भी लगाता संगीता को मारने की धमकी दे रहा था। सोमवार शाम को संगीता ने अपने घर में फांसी लगा ली। मंगलवार को परिजनों को घर से मिली डायरी में संगीता का सुसाइड नोट लिखा मिला। जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी संतोष को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।