रिमोट को लेकर झगड़े में 10 साल की बच्ची ने फांसी लगाकर दे दी जान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नोएडा में टीवी रिमोट को लेकर दो नाबालिग बहनों के बीच हुए झगड़े में छोटी बहन की जान चली गई। 12 वर्षीय बड़ी बहन के रिमोट लेने से नाराज 10 वर्षीय छोटी बहन ने दूसरे कमरे में दरवाजा बंद कर फांसी लगा ली। उस वक्त बच्चियों के माता-पिता नौकरी पर गए हुए थे। तीसरी मंजिल पर रह रहीं उनकी दादी नीचे आईं तो उन्हें मामले का पता चला। थाना सेक्टर-24 पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा शव परिजन को सौंप दिया है।
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-12 के चार मंजिला मकान में तीन भाई परिवार के साथ अलग-अलग मंजिल पर रहते हैं। इनकी लगभग 70 वर्षीय मां भी इसी मकान में सबसे ऊपर की मंजिल पर रहती हैं। भूतल पर रहने वाले दंपति सेक्टर-132 के एक स्कूल में नौकरी करते हैं। मंगलवार सुबह दोनों स्कूल में नौकरी पर गए थे। इनकी 10 व 12 साल की दो बेटियां घर में मौजूद थीं।
सुबह करीब 11 बजे इनकी दादी भूतल पर आईं। उस वक्त 12 साल की बड़ी बहन बाहर के कमरे में टीवी देख रही थी। दादी ने उससे छोटी बहन के बारे में पूछा तो बड़ी बहन ने बताया कि वह अंदर वाले कमरे में है। दादी उसे देखने के लिए अंदर वाले कमरे की तरफ गईं तो दरवाजा अंदर से बंद था।
दादी ने कई बार दरवाजे को धक्का दिया तो वह खुल गया। अंदर छोटी पोती बिस्तर के पास मौजूद खिड़की से चुन्नी का फंदा लगाकर लटकी हुई थी। लोग बच्ची को लेकर मेट्रो अस्पताल पहुंचे, वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बार-बार चैनल बदलने से हुई थी नाराज
आत्महत्या करने वाली बच्ची सेक्टर-33 के एक निजी स्कूल में पांचवीं कक्षा में पढ़ती थी। बड़ी बहन भी इसी स्कूल में सातवीं कक्षा में पढ़ रही थी। दोनों दोपहर की पाली में पढ़ाई करती हैं। इस वजह से सुबह के वक्त दोनों घर पर थीं।
पड़ोसियों के अनुसार छोटी बहन जो चैनल देखना चाहती थी, बड़ी बहन बार-बार वह चैनल बदल रही थी। इससे छोटी बहन नाराज होकर रिमोट लेकर अंदर वाले कमरे में चली गई। जाने से पहले उसने अपनी बड़ी बहन से कहा था कि अब वह एक ही चैनल देख सकती है।
परिजन ने पुलिस को बताया खेल-खेल में हुआ हादसा
बच्ची की मौत से परिजन बेहद दुखी है। उन्होंने मीडिया से बात करने से इंकार कर दिया। हालांकि, परिवार ने पुलिस को बताया कि दोनों बहनों के खेलने के दौरान खेल-खेल में ये हादसा हुआ है। मामले में परिजन ने पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी है।
पहले भी टीवी देखने के लिए बच्चे ने लगाई थी फांसी
19 जून 2017 को भी टीवी देखने से मना करने पर सदरपुर गांव में 10 वर्षीय बच्चे ओम प्रकाश ने फांसी लगा खुदकुशी कर ली थी। ओम भी उस वक्त घर में अकेला था और उसके माता-पिता ड्यूटी पर गए थे। दोपहर को मां बच्चों को खाना खिलाने आई थी। खाना खाने के बाद ओम टीवी देखने लगा। मां ने उसे टीवी देखने की जगह पढ़ाई करने को कहा।
बच्चों को घर में अकेला न छोड़ें
इसके बाद मां ने टीवी के रिमोट का सेल निकालकर उसकी छोटी बहन को दिया पड़ोसी रिश्तेदार के घर पढ़ने को भेज दिया था। इसके मां दोबारा काम पर चली गईं। ओम घर में अकेला था। कुछ देर बाद उसकी बहन रिमोट का सेल देने घर लौटी तो भाई को पंखे से लटका देखा।
मनोचिकित्सक डॉ. आरके बंसल के अनुसार 14 वर्ष से कम आयु के बच्चों को घर में ज्यादातर अकेला छोड़ना सही नहीं होता है। इस उम्र में बच्चों को सही-गलत की पहचान नहीं होती, लेकिन नई चीजें जानने या सीखने की ललक बहुत होती है। इसलिए इस उम्र तक बच्चों पर ज्यादा नजर रखने की जरूरत होती है।
14 वर्ष की आयु तक बच्चों का मन बहुत कोमल होता है। परिपक्वता के अभाव में जरा सी बात भी उनके मन को गहरा ठेस पहुंचा सकती है। ऐसे में बच्चों को बहुत समझाकर और प्यार से ध्यान देना चाहिए।