एमपी: आलीराजपुर में गांजे की खेती पर पुलिस का छापा, दो खेतों से 2070 पौधे जब्त; कीमत एक करोड़
आलीराजपुर के छोटा इटारा स्थित डुडवा फलिया में पुलिस ने दो खेतों से गांजे के 2070 पौधे जब्त किए। इनका वजन 2079 किलोग्राम और कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई है। दो आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया।
विस्तार
आलीराजपुर जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम छोटा इटारा के डुडवा फलिया स्थित दो खेतों से गांजे के 2070 पौधे जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार, जब्त पौधों का कुल वजन 2079 किलोग्राम है। इनकी अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई है। चार थानों की संयुक्त टीम की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
मुखबिर की सूचना पर दो खेतों में दबिश
पुलिस को सूचना मिली थी कि छोटा इटारा के डुडवा फलिया में दो खेतों में अवैध रूप से गांजे की खेती की जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद आम्बुआ, उदयगढ़, चंद्रशेखर आजाद नगर और जोबट थाने की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी। तलाशी के दौरान दोनों खेतों से गांजे के पौधे बरामद हुए, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया।
दो आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज
एसडीओपी जोबट आशुतोष पटेल के अनुसार, मामले में मुकाम चौहान, पिता रत्निया चौहान (44 वर्ष), और जगन, पिता गुलसिंह (50 वर्ष), दोनों निवासी छोटा इटारा, के खिलाफ अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत अपराध पंजीबद्ध किए हैं। इनमें अपराध क्रमांक 299/26 और 300/26 शामिल हैं।
अवैध खेती के नेटवर्क की जांच
दो खेतों में इतनी बड़ी संख्या में गांजे के पौधे मिलने के बाद अवैध खेती को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि खेतों में गांजे की खेती कब से की जा रही थी और क्या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है। फिलहाल दोनों मामलों में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
