दिल्ली में अपराधः कंधा टकराने पर पिता-पुत्र समेत तीन को चाकू मारा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पटेल नगर इलाके में महज कंधा टकराने पर लड़कों ने दो दोस्तों पर चाकू से हमला कर दिया। बीचबचाव कराने आए एक युवक के पिता को भी चाकू मार दिया। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए।
गंभीर हालत में सूरज (27), उसके दोस्त मुकेश (28) और मुकेश के पिता आनंद सिंह रावत (52) को आचार्य भिक्षु अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनकी पहचान रवि उर्फ काकू और सदानंद के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, मुकेश परिवार के साथ प्रेम नगर की गली नंबर-15 में रहता है। परिवार में पिता आनंद सिंह व अन्य सदस्य हैं। शुक्रवार को मुकेश के दोस्त सूरज का जन्मदिन था। मुकेश और सूरज दोनों राजौरी गार्डन में फिल्म देखने और जन्मदिन मनाने गए थे।
देर रात मुकेश ने अपने पिता आनंद सिंह को फोन कर बताया कि सूरज ने बहुत ज्यादा शराब पी ली है, इसलिए वह उसे लेने आ जाएं। आनंद सिंह बेटे मुकेश और सूरज को लेने राजौरी गार्डन चला गया। तीनों ऑटो से प्रेम नगर पहुंचे।
इस बीच मुकेश और सूरज आगे चलने लगे। सामने से आ रहे रवि और सदानंद का सूरज से कंधा टकरा गया। इसी बात पर दोनों ने चाकू से मुकेश व सूरज पर हमला कर दिया।
वारदात के दौरान आनंद सिंह ने बीचबचाव कराने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने उसके भी पेट और जांघ पर चाकू मार दिया। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में उनका बयान लेने के बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गल्ले से हजारों रुपये उड़ाए
बुध विहार इलाके में दूध लेने के बहाने डेयरी पर आए बदमाश गल्ले से हजारों रुपये चोरी कर फरार हो गए। पीड़ित दुकानदार की शिकायत पर पुलिस मामला दर्जकर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस के अनुसार सपरिवार बुध विहार में रहने वाले हौसला प्रसाद (62) की श्याम विहार में अंशुल डेयरी नाम से दुकान है।
शनिवार तड़के करीब साढ़े पांच बजे वह दुकान खोल रहा था। इसी दौरान तीन युवकों ने उसे दूध देने के लिए कहा। हौसला प्रसाद कैरेट से दूध का पैकेट निकालने लगा। इसी दौरान सभी युवक वहां से फरार हो गए। शक होने पर दुकानदार ने अपने गल्ले की जांच की तो 16 हजार रुपये गायब थे।
कैब में बिठाकर सवारी को लूटने वाले दो गिरफ्तार
वसंतकुंज साउथ थाना पुलिस ने हाईवे पर कैब में सवारी को बिठाकर उससे लूटपाट करने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। बदमाशों के कब्जे से पुलिस ने एक कार, तीन नकली नंबर प्लेट, एक मोबाइल, स्प्रे, आरी और अन्य उपकरण बरामद किए हैं। एक बदमाश का पिता नूंह (मेवात) के एक गांव का प्रधान है। पुलिस गैंग के अन्य बदमाशों की तलाश में दबिश दे रही है।
जिला अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त इंगित प्रताप सिंह ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों की पहचान नूंह (मेवात) के रोजकामेव निवासी अलीम खान और फैजल के रूप में हुई है। फैजल बेरोजगार है और उसका पिता खुर्शीद गांव का प्रधान है। वहीं अलीम कैब चालक है।
5 दिसंबर को पुलिस को शंकर चौक के पास एक युवक से लूटपाट की सूचना मिली थी। मौके पर पीड़ित शंकर चौक निवासी कृष्ण मिला, जिसने पुलिस को बताया कि वह महिपालपुर चौक से एक कैब में बैठा। उसमें पहले से तीन- चार लोग थे। शंकर चौक पर कैब में बैठे लोगों ने उससे मोबाइल और आठ हजार रुपये लूट लिए। ब्यूरो
शादी से इनकार करने पर महिला को पीटा
अशोक विहार में शादी से इनकार करने पर एक युवक ने शादीशुदा महिला से छेड़छाड़ की और पीटा। आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 22 वर्षीय महिला पति के साथ वजीरपुर इंडस्ट्रियल एरिया में रहती है। वह दीप मार्केट स्थित एक दुकान में काम करती है। 3 जनवरी की रात करीब 8 बजे काम खत्म करने के बाद पैदल घर जा रही थी। बीए ब्लॉक में रेलवे लाइन के पास एक युवक ने उसे रोक लिया।
युवक ने महिला से कहा कि वह उससे प्यार करता है और शादी करने की बात कही। महिला ने इससे इनकार कर दिया। इस पर युवक गुस्से में आकर छेड़छाड़ करने लगा और पीटा। महिला के शोर मचाने पर युवक भागने लगा, लेकिन जाते-जाते महिला को शादी नहीं करने पर जान से मारने की धमकी दी।