Delhi Ncr Live : दिल्ली में कोरोना वायरस के 2414 नए मामले, गौतमबुद्ध नगर में 59 पॉजिटिव
कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच दिल्ली में इससे पार पाने के लिए तैयारी ज्यादा तेज हो गई है। एक ओर जहां केंद्र और दिल्ली सरकार पूरी तरह से कोरोना महामारी से लड़ने के लिए तैयारी कर रहे हैं, वहीं अदालत से भी लगातार सरकारों को हिदायतें व फटकार मिल रही हैं। अब सरकारों का जोर मौतों के बढ़ रहे आंकड़े को भी रोकने पर है। कल जो आंकड़े आए उसमें अकेले दिल्ली में ही 93 मौतें हुईं। यहां पढ़ें दिनभर के अपडेट्स...
विस्तार
दिल्ली में कोरोना वायरस के 2414 नए मामले
दिल्ली में बुधवार को कोरोना वायरस के रिकॉर्ड 2414 नए मामले सामने आए हैं। जबकि 67 लोगों की मौत हो चुकी है। बुधवार को राजधानी में 510 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। इसी के साथ कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 47102 हो चुकी है। दिल्ली में अब तक 17457 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। कोरोना वायरस से दिल्ली में अब तक 1904 मौत हो चुकी हैं। राजधानी में अभी कोरोना वायरस के 27741 सक्रिय मामले हैं।
सरकार ने कराया 36 शवों का अंतिम संस्कार
दो दिन पहले केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के आदेश मिलने के बाद बुधवार तक सभी अस्पतालों की मोर्चरी में पहले से रखे शवों को हटा दिया गया है। इनमें से करीब 36 ऐसे शव हैं जिनके परिजन दिल्ली में न होने के चलते सरकार ने उनके अंतिम संस्कार बुधवार को कराए हैं। जानकारी के अनुसार अस्पतालों के मोर्चरी में रखे कोरोना वायरस से संक्रमित या सन्दिग्ध शवों (बैकलॉग) का अंतिम संस्कार करवा दिया गया है।
गाजियाबाद में 34 नए मामले
गाजियाबाद में बुधवार को 34 नए कोरोना संक्रमित मरीजों की पुष्टि होने के साथ ही जिले में अब तक कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 717 हो गई है। इनमें से अभी 280 मरीजों का उपचार चल रहा है। पहले हुई सात मौत की पुष्टि होने के बाद जिले में मृतकों की संख्या 32 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि सभी सात रिपोर्ट मेरठ मेडिकल कालेज ने अब भेजी है, इसलिए उन्हें पोर्टल पर अपडेट किया जा रहा है, जबकि सभी लोगों का अंतिम संस्कार पहले ही हो चुका है।
गुरुग्राम में 180 नए मामले
गुरुग्राम में बुधवार को कोरोना वायरस के 180 नए मामले सामने आए हैं। इसी के साथ कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3862 हो गई है। जबकि 35 मरीज स्वस्थ हो गए हैं। वहीं 5 मरीजों की मौत हो गई है। जिले में कोरोना वायरस से मरने वालों की कुल संख्या 51 हो गई है।
दिल्ली स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन कोरोना पॉजिटिव
दिल्ली स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को जानकारी दी है कि स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन की कोरोना जांच पॉजिटिव आई है। इससे मंगलवार को भी उनकी कोरोना जांच कराई गई थी। मंगलवार को उनकी कोरोना जांच रिपोर्ट निगेटिव आई थी। तेज बुखार और सांस लेने में दिक्कत की शिकायत के बाद उन्हें राजीव गांधी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
सूत्रों ने अनुसार दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन के ससुर की बुधवार को मौत हो गई है। वे पिछले कुछ समय से बीमार थे।
फरीदाबाद में 24 घंटे में सामने आए 227 नए मामले
फरीदाबाद में बीते 24 घंटे में 227 कोरोना के मामले सामने आए हैं, वहीं इस दौरान 5 लोगों की मौत हो गई। इस तरह अब तक जिले में कोरोना से 43 मौतें हो चुकी हैं और कुल संक्रमितों की संख्या 1807 तक पहुंच चुकी है।
गौतमबुद्ध नगर में 59 नए केस, एक मौत
गौतमबुद्ध नगर में आज 59 नए केस सामने आए हैं, वहीं एक मौत भी हुई है। इसके साथ ही अब जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 1097 हो चुकी है। इसमें से 576 लोग ठीक हो चुके हैं और 507 केस सक्रिय हैं। आज 51 लोग ठीक होकर घर गए हैं। अब तक जिले में कुल 14 लोगों की मौत हो चुकी है।
75 सैंपल की आई रिपोर्ट 12 पॉजिटिव
गाजियाबाद में बुधवार को 75 सैंपल की जांच रिपोर्ट आई है। इसमें 12 मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई है। इसके अलावा कविनगर में एक बुजुर्ग की कोरोना संक्रमण के चलते मौत हो गई। उनकी जांच प्राइवेट लैब में हुई थी। हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने अभी बुजुर्ग की मौत की जानकारी होने से इंकार किया है। विभाग का कहना है कि शाम तक और रिपोर्ट आई तो पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़ सकती है।
आतिशी की कोरोना पॉजिटिव
आप विधायक आतिशी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्होंने खुद को अपने घर में आइसोलेट कर लिया है।
दिल्ली के उपराज्यपाल ने मुख्यमंत्री समेत अधिकारियों से की बैठक
दिल्ली में बढ़ते कोरोना के मामलों के बाद केंद्र व राज्य दोनों सरकारें फ्रंट फुट पर आकर इससे लड़ने की हर तैयारी कर रही हैं। इसी सिलसिले में दिल्ली के उपराज्यपाल ने आज सीएम समेत तमाम अधिकारियों के साथ बैठक की। उपराज्यपाल बैजल ने बैठक के बारे में बताया कि, दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल, डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया, मुख्य सचिव, अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह), प्रमुख सचिव (स्वास्थ्य) और सलाहकार समिति के सदस्यों के साथ एक्सपर्ट पैनल की दिल्ली में कोरोना प्रबंधन पर बैठक हुई, जो बेहद उपयोगी रही।
Had a constructive meeting of Expert Panel with Delhi CM Arvind Kejriwal, Deputy CM Manish Sisodia, Chief Secretary, Additional Chief Secretary(Home), Principal Secretary (Health) & members of the Advisory Committee on #COVID19 management in Delhi: Lieutenant Governor Anil Baijal pic.twitter.com/PtxJS7d7NZ
— ANI (@ANI) June 17, 2020
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन का आज दोबारा हुआ कोरोना टेस्ट
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन का आज फिर से कोरोना वायरस टेस्ट किया गया। कल उनकी टेस्ट रिपोर्ट नेगेटिव आई थी। कल उन्हें तेज बुखार और सांस लेने में दिक्कत होने की शिकायत पर राजीव गांधी सुपर स्पेशिलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
गुरुग्राम में सुबह की बुलेटिन में आए कोरोना के 70 नए मामले
गुरुग्राम में सुबह कोरोना हेल्थ बुलेटिन जारी की गई जिसमें 70 नए मामले सामने आए हैं। शाम की बुलेटिन के बाद इस संख्या में इजाफा होगा तब ही अंतिम आंकड़े साफ हो सकेंगे।
शवदाह मशीन खराब होने से अधजली हालत में पड़ा उद्यमी का शव
कोरोना संक्रमण काल कहे या मरने वाले का दुर्भाग्य कोरोना की चपेट में आने से उद्योगपति की मौत के बाद तीन दिन बाद भी अंतिम संस्कार नहीं हो सका। नगरनिगम की लापरवाही से आधा शव जलने के बाद इलेक्ट्रिक शव दाह मशीन खराब हो गयी। इंदिरापुरम के एटीएस सोसायटी में रहने वाले 58 वर्षीय उद्योगपति की कोरोना संक्रमण के चलते सोमवार की शाम 6:45 बजे मौत हो गई थी। कोरोनावायरस प्रोटोकाल के तहत उनके शव का अंतिम संस्कार करने के लिए हिंडन स्थित श्मशान घाट पर लाया गया। 11 बजे शव को जलाने के इलेक्ट्रिक शव दाह गृह में रखा गया। आधा शव जलने के बाद मशीन खराब हो गई और बुधवार 1 बजे तक भी शव को जलाया नहीं जा सका।
कल से दिल्ली में होगा एंटीजन टेस्ट किट से टेस्ट
दिल्ली के कंटेनमेंट जोन में कल से एंटीजन टेस्ट किट से कोरोना जांच शुरू हो जाएगी। दिल्ली को 50 हजार किट मिल चुका है। इसकी जांच रिपोर्ट 15 मिनट में आ जायेगी। दिल्ली में अभी 242 से अधिक कंटेनमेंट जोन है।