कोरोना वायरस ने बिगाड़ा स्पा सेंटर्स का मिजाज, ग्राहक न आने से मसाज गर्ल्स को नहीं मिल रही टिप!
फरवरी के अंतिम सप्ताह में कारोबार कुछ प्रभावित हुआ, लेकिन ठप नहीं हुआ था। मार्च में तो स्पा सेंटर्स की हालत बुरी तरह खराब हो गई है। कामकाज न के बराबर है। पहले एक दिन में छह-सात हजार रुपये बन जाते थे, अब कुछ भी नहीं बन पा रहा है।
विस्तार
कोरोना वायरस का असर बाजार के विभिन्न हिस्सों पर देखने को मिल रहा है। होटल व्यवसाय, ट्रांसपोर्ट, फल एवं सब्जी मंडी के बाद कोरोना ने अब स्पा सेंटर्स का मिजाज बिगाड़ दिया है। सुबह से शाम तक गुलजार रहने वाले स्पा एवं मसाज पार्लर अब सुनसान होते जा रहे हैं।
ग्राहक नहीं आने की वजह से मसाज गर्ल्स अपने घरों को लौटने लगी हैं। अधिकांश मसाज गर्ल ऐसी हैं, जिन्हें वेतन नहीं मिलता। वे ग्राहक से मिलने वाली टिप के आधार पर ही काम करती हैं। स्पा गर्ल के अनुसार, हमारी निराशा का कारण कोरोना नहीं है, बल्कि बैंक लोन की किश्तें हैं, जो उन्हें हर माह चुकानी होती हैं।
यह ठीक है कि कोरोना जैसी बीमारी ने आपातकाल की स्थिति पैदा कर दी है, लेकिन बैंक तो अपनी किश्त वसूलेगा ही। यही हमारी चिंता का कारण है। दिल्ली में अनाधिकृत तौर पर चल रहे पांच हजार से ज्यादा स्पा सेंटरों में पिछले दो सप्ताह से कोई कामकाज नहीं हो रहा है।
मार्च में स्पा सेंटर्स की हालत खराब
एनडीएमसी और एमसीडी से लाइसेंस प्राप्त सेंटर, जिनकी अधिकारिक संख्या छह सौ से कम बताई जा रही है, वहां पर भी ग्राहक नहीं पहुंच रहे हैं। हौजखास मार्केट में स्थित स्पा सेंटर पर काम कर रही एक महिला के अनुसार, पिछले माह तक सब ठीक चल रहा था। कहीं कोई दिक्कत नहीं थी।
फरवरी के अंतिम सप्ताह में कारोबार कुछ प्रभावित हुआ, लेकिन ठप नहीं हुआ था। मार्च में तो स्पा सेंटर्स की हालत बुरी तरह खराब हो गई है। कामकाज न के बराबर है। पहले एक दिन में छह-सात हजार रुपये बन जाते थे, अब कुछ भी नहीं बन पा रहा है।
सोमवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने स्पा सेंटर्स को बंद करने की बात कही है। ऐसे में तो अब उनके पास अपने घर लौटने के अलावा कोई दूसरा कोई चारा नहीं है। द्वारका लाइन पर रमेश नगर मेट्रो स्टेशन के निकट स्थित स्पा सेंटरों पर भी ऐसी ही स्थिति है। वहां भी मसाज गर्ल्स परेशान हैं।
सरकार के ताजा आदेश ने तो उनकी परेशानी और भी बढ़ा दी है। अब लग रहा है कि मार्च के जितने दिन बचे हैं वे पूरी तरह खाली जाएंगे।
कई स्पा सेंटर्स के शटर गिरे
दक्षिण दिल्ली स्थित स्पा सेंटर्स पर भी कामकाज नहीं हो रहा है। महिपालपुर में दर्जनों स्पा सेंटर हैं। यहां पर एयरपोर्ट नजदीक होने के कारण हर समय ग्राहकों की भीड़ रहती थी। अब पिछले कुछ दिनों से यहां भी ग्राहकों का आना जाना पूरी तरह बंद हो गया है। कई सेंटर तो ऐसे हैं, जिनके पास बंधे हुए ग्राहक आते थे।
अर्थात देश के विभिन्न हिस्सों में रहने वाले लोग जब भी दिल्ली आते तो वे एयरपोर्ट से सीधे इन सेंटरों पर आकर खुद को रिलेक्स करते थे। जब से एयरपोर्ट पर स्क्रीनिंग आदि शुरू हुई है, इन सेंटरों पर इक्का-दुक्का ग्राहक भी नहीं पहुंच रहा। नतीजा, अब अधिकांश सेंटर्स का शटर गिर चुका है।
महिपालपुर के स्पा सेंटर संचालक का कहना है कि यहां काम करने वाली लड़कियां आसानी से किसी दूसरे काम में नहीं जा सकती। जब हालात ठीक होंगे तो इन्हें दोबारा से बुलवा लिया जाएगा।