छात्रों के दो गुटों में लड़ाई, सांप्रदायिक तनाव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुजफ्फनगर दंगों की आग अभी ठंडा नहीं पड़ी थी कि फिर से लोनी में दो समुदायों के टकराने का मामला सामने आया है।
बोर्ड परीक्षा देकर कॉलेज से बाहर निकले छात्रों के दो गुट मंगलवार को भिड़ गए। दोनों पक्षों के परिजन भी आमने-सामने आ गए। पुलिस उन्हें थाने लेकर पहुंची तो वहां भी लात-घूंसे चलने लगे।
पुलिस ने उन्हें थाने से बाहर किया तो दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पथराव कर दिया। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के छह से ज्यादा प्रॉपर्टी डीलरों के आफिस और तीन कारें तोड़ डालीं। दोनों गुट अलग अलग समुदाय के हैं, जिस कारण क्षेत्र में सांप्रदायिक तनाव की स्थिति है। झगड़ा किस बात पर शुरू हुआ, यह साफ नहीं हो सका है।
पुलिस और आर्म्ड फोर्स ने संभाली स्थिति
पुलिस ने बताया कि मंगलवार सुबह 11.30 बजे जतिन गुट ने माजिद गुट के साथ मारपीट कर डाली। कुछ देर बाद जतिन अपने साथियों के साथ बाइकों पर घर वापस लौट रहा था। गांव के पास ही माजिद गुट ने उन्हें रोक लिया और पिता के प्रापर्टी डीलिंग के ऑफिस में बंद कर मारपीट की।
यह बात दोनों पक्षों के परिजनों को पता चली तो वे भी आपस में भिड़ गए। पुलिस ने दोनों पक्षों को हिरासत में ले लिया। थाने में भी दोनों पक्ष गाली गलौच और मारपीट पर उतारू हो गए। पुलिस ने उन्हें थाने से बाहर निकाल दिया। बाहर निकलते ही दोनों पक्ष भिड़ गए और एक-दूसरे पर पथराव कर दिया। पथराव के दौरान ललित घायल हो गया।
मामला बिगड़ता देख पुलिस और चुनाव के लिए पंजाब से आई फोर्स ने उन्हें वहां से खदेड़ दिया। जतिन पक्ष के लोगों ने वापस लौटते हुए रास्ते में माजिद पक्ष के शाहिद, सत्तार, गुलजार, खलील, आकिल और श्योराज आदि के प्रॉपर्टी डीलिंग के ऑफिसों को पथराव कर क्षतिग्रस्त कर दिया। जिसमें वहां खड़ी तीन कारें भी क्षतिग्रस्त हो गईं।
दोनों पक्षों ने लिखाई रिपोर्ट
पुलिस ने शांति भंग के आरोप में मौके से गौरव, जितेंद्र, मुजाहिद, हैदर, आलमगीर, इरफान, माजिद, शाहरुख, इंसाद, मुसाहिद, शकील, इमरान, आशू, परवेज एवं जावेद को गिरफ्तार किया है। जबकि जतिन पक्ष के अमित ने खलील, मनी, मुसाहिद एवं 20-25 अज्ञात हमलावरों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है।
जबकि माजिद पक्ष की ओर से आकिल ने चैनपाल, दाताराम एवं 8-10 अज्ञात हमलावरों के विरुद्ध केस दर्ज कराया है। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर मारपीट, जान से मारने की धमकी तथा तोड़फोड़ का आरोप लगाया है। थाना प्रभारी गोरखनाथ यादव का कहना है कि पुलिस की ओर से दोनों पक्षों के विरुद्ध बलवा एवं शांति भंग करने का मुकदमा दर्ज कराया जाएगा तथा उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसपी देहात जगदीश शर्मा ने कहा कि दोनों पक्षों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसी को भी माहौल खराब करने नहीं दिया जाएगा। फिलहाल शांति व्यवस्था बनी हुई है।