दिल्ली-एनसीआर में बारिश के बाद बढ़ी ठंड, बहुत खराब श्रेणी में पहुंची वायु गुणवत्ता
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली में बृहस्पतिवार दोपहर बाद एक बार फिर बारिश हुई। सुबह हल्के कोहरे के बाद धूप खिली थी। ऐसे में बारिश की उम्मीद कम थी लेकिन दोपहर 1 बजे के बाद आसमान में बादल छाने लगे और ठंडी हवाएं चलने लगीं। दोपहर 3:30 बजे के बाद से कुछ इलाकों में तेज और कुछ में हल्की बारिश हुई। बारिश से मौसम तो सुहावना हो गया साथ ही सर्दी भी बढ़ गई। मौसम विभाग ने आज (25 जनवरी) भी हल्की बारिश की संभावना जताई है। वहीं 27 से 29 जनवरी के बीच शीत लहर चलने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से यह बारिश हो रही है। पहाड़ों में हुई बर्फबारी के कारण मैदानी इलाकों में सर्दी बढ़ गई है।
गौरतलब है कि सोमवार और मंगलवार को भी दिल्ली में तेज बारिश हुई थी। जिससे मौसम खुशगवार बन गया था। बृहस्पतिवार शाम 5:30 बजे बजे तक 003.0 मिमी बारिश दर्ज हुई। वहीं मौसम के बदले मिजाज के बाद भी अधिकतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री अधिक 22 डिग्री व न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री अधिक 9.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
शुक्रवार को अधिकतम तापमान 19 डिग्री व न्यूनतम तापमान 10 डिग्री रहने का अनुमान है। विभाग की मानें आगामी 3-4 दिनों में उत्तर पश्चिमी भारत के मैदानी भागों में अधिकतम तापमान 3-4 डिग्री व न्यूनतम तापमान 4-6 डिग्री गिरने के कारण शीत लहर चलने की संभावना है। अगले दो दिनों में उत्तर पश्चिमी भारत के मैदानी भागों में कहीं-कहीं घना से बहुत घना कोहरा पड़ने की संभावना है।
दिल्ली में हवा की गुणवत्ता मध्यम से खराब और अब बहुत खराब श्रेणी में पहुंच गई है। वहीं, आसपास के शहरों की हवा की गुणवत्ता खराब स्तर पर ही बरकरार है। इस हफ्ते बारिश के बाद मंगलवार को वायु गुणवत्ता में सुधार हुआ था। हालांकि, यह टिका नहीं।
दिल्ली-एनसीआर की हवा में प्रदूषण कण पार्टिकुलेट मैटर 2.5 और 10 के स्तर में भी बढ़त हो गई है। बृहस्पतिवार की रात आठ बजे पीएम 10 का स्तर 240 और पीएम 2.5 का स्तर 140 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर था। यह सामान्य मानकों से दोगुना ज्यादा है। पीएम 2.5 का सामान्य मानक 60 और पीएम 10 का सामान्य मानक 100 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर होता है। सोमवार और मंगलवार को बारिश के बाद दिल्ली-एनसीआर में इस वर्ष में अब तक का सबसे कम प्रदूषित दिन रिकॉर्ड किया गया था। बुधवार से वायु गुणवत्ता में गिरावट जारी है।
बृहस्पतिवार का वायु गुणवत्ता सूचकांक
दिल्ली - 311
नोएडा - 292
गाजियाबाद - 289
ग्रेटर नोएडा - 286
फरीदाबाद - 269