ग्रेटर नोएडा में कहां बनेगी खूबसूरत फिल्म सिटी, इसपर कल होगा अंतिम निर्णय
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
फिल्म सिटी बनाने के उत्तर प्रदेश सरकार के फैसले पर तत्काल अमल करते हुए यमुना प्राधिकरण ने ग्रेटर नोएडा सेक्टर-21 में 1000 एकड़ जमीन चिह्नित कर ली है। इसका प्रस्ताव बनाकर रविवार को शासन को भेज भी दिया गया। प्रस्ताव में यीडा सिटी की तमाम खूबियां भी बताई गई हैं।
वहीं, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की तरफ से सोमवार को प्रस्ताव भेजा जाएगा। नाइट सफारी की करीब 550 एकड़ जमीन पर फिल्म सिटी बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। नोएडा प्राधिकरण भी प्रस्ताव भेजने की तैयारी कर रहा है। तीनों प्राधिकरणों में से किसके क्षेत्र में फिल्म सिटी बनेगी, यह मंगलवार को लखनऊ में प्रस्तावित उच्चस्तरीय बैठक में तय होगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के एलान के बाद जिले में फिल्म सिटी बसाने की कवायद और तेज हो गई है। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को मंडलीय समीक्षा बैठक में नोएडा, ग्रेटर नोएडा व यमुना प्राधिकरण से प्रस्ताव मांगा था। इसके बाद तीनों प्राधिकरण हरकत में आ गए।
यमुना प्राधिकरण ने प्रस्ताव में कहा है कि फिल्म सिटी के लिए जमीन औद्योगिक दर पर आवंटित की जाएगी। फिल्म स्टूडियो के हिसाब से जमीन आवंटन को छह श्रेणी में बांटा गया है। कुल 1000 एकड़ जमीन में से 780 एकड़ एरिया में औद्योगिक और 220 एकड़ एरिया में व्यावसायिक गतिविधि की अनुमति होगी। यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह ने फिल्म सिटी का प्रस्ताव रविवार को ही शासन को भेज देने की पुष्टि की है।
इधर, ग्रेनो प्राधिकरण ने पूर्व में गौतमबुद्ध विवि के पास प्रस्तावित नाइट सफारी की 550 एकड़ जमीन को फिल्म सिटी के लिए तय किया है। जीबीयू के पास नाइट सफारी बनाने की योजना बहुत समय से कागजों में है, लेकिन यह प्रोजेक्ट अब तक धरातल पर नहीं आ सका है। मुख्यमंत्री के फैसले के बाद अब ग्रेनो प्राधिकरण ने इस जमीन पर फिल्म सिटी बसाने का प्रस्ताव तैयार किया है। प्राधिकरण के सीईओ नरेंद्र भूषण ने बताया कि सोमवार को प्रस्ताव शासन को भेज दिया जाएगा।
प्रस्तावित फिल्म सिटी नोएडा एयरपोर्ट से छह किमी दूर
यमुना प्राधिकरण ने जिस जगह फिल्म सिटी प्रस्तावित की है वहां से नोएडा एयरपोर्ट छह किलोमीटर पर स्थित होगा। यह सेक्टर-21 यमुना एक्सप्रेसवे के पास भी स्थित है। लोकेशन के लिहाज से यह बहुत बेहतर सेक्टर है। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से इसकी दूरी 12 किलोमीटर है।
यहां से शूटिंग के लिए मथुरा, आगरा, जयपुर जैसे शहरों में आसानी से जा सकते हैं। यमुना एक्सप्रेसवे के जीरो प्वाइंट परी चौक के पास से यह सेक्टर-21 किलोमीटर पर स्थित है। इसके अलावा स्टेट हाइवे-33 मथुरा-आगरा-रायबरेली, स्टेट हाइवे 80 मथुरा-आगरा और स्टेट हाइवे 22ए पलवल-अलीगढ़ भी इसके पास से गुजरते हैं।
यमुना प्राधिकरण ने बिजली के लिए 765 केवी सबस्टेशन और सेक्टर 32 में प्रस्तावित 400 केवी बिजलीघर का भी जिक्र किया है। पानी के लिए ट्यूबवेल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं।
यमुना प्राधिकरण से तय श्रेणी व रेट
| प्लॉट एरिया | आवंटन रेट |
| 0 से 4000 | 6670 |
| 4001 से 8000 | 5680 |
| 8001 से 20,000 | 4810 |
| 20,001 से 40,000 | 4370 |
| 40,001 से 80,000 | 4210 |
| 80,001 से ऊपर | 4050 |
(नोट---प्लॉट एरिया वर्ग मीटर में और आवंटन रेट रुपये प्रति वर्ग मीटर में है। )