गुमराह कर रहे सीएम, एक तिहाई ‘आप’ विधायक 12वीं तक ही शिक्षित
दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता ने आम आदमी पार्टी के 22 विधायकों की शैक्षिक योग्यता का ब्योरा जारी करके मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर पलटवार किया है।
उनका कहना कि आप के एक तिहाई विधायकों की शैक्षिक योग्यता बारहवीं कक्षा तक ही है, जिनमें आधा दर्जन संसदीय सचिव भी शामिल हैं। इसके अलावा एक विधायक की फर्जी डिग्री है।
इस कारण मुख्यमंत्री का उनके विधायकों के पढ़े लिखे होने का दावा पूरी तरह बेबुनियाद है।
गुमराह कर रहे हैं सीएम
गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री सभी मामलों की भांति अपने विधायकों की शैक्षिक योग्यता के मामले में भी गुमराह कर रहे है।
उन्होंने बुधवार को दावा किया था कि आप के विधायक पढ़े लिखे होने के चलते उनकी सरकार देश में सबसे अच्छा कार्य कर रही है। उनकी पार्टी के सबसे योग्य विधायक संसदीय सचिव बनने के लायक हैं।
विजेंद्र गुप्ता ने मुख्यमंत्री के दावों पर हैरानी जताते हुए कहा कि सरकार के छह संसदीय सचिव की शैक्षिक योग्यता बारहवीं भी नहीं है और वह आईएएस अधिकारियों को दिशा निर्देश दे रहे है।