Delhi: सीएम ने किया पांच मोहल्ला क्लीनिकों का शुभारंभ, केजरीवाल बोले- दिल्लीवालों के खिलाफ हो रहे षड्यंत्र
सीएम अरविंद केजरीवाल बोले दिल्लीवालों को मोहल्ला क्लीनिक से बहुत फायदा मिल रहा है। एक साल में सभी मोहल्ला क्लीनिकों में दो करोड़ से ज्यादा लोगों ने इलाज कराया है। अच्छा इलाज मिलने से यहां अमीर लोग भी इलाज करा रहे हैं।
विस्तार
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को केशोपुर सब्जी मंडी, शाहबाद डेरी, गोविंदपुरी और कालकाजी मार्केट में पांच मोहल्ला क्लीनिकों का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में अब मोहल्ला क्लीनिकों की संख्या बढ़कर 533 हो गई है। नए पांच मोहल्ला क्लीनिकों में से एक महिलाओं के लिए भी है। आने वाले दिनों में गाजीपुर मंडी, मुर्गा मंडी और ओखला मंडी में भी मोहल्ला क्लीनिक खोले जाएंगे।
उन्होंने कहा कि दिल्लीवालों को मोहल्ला क्लीनिक से बहुत फायदा मिल रहा है। एक साल में सभी मोहल्ला क्लीनिकों में दो करोड़ से ज्यादा लोगों ने इलाज कराया है। अच्छा इलाज मिलने से यहां अमीर लोग भी इलाज करा रहे हैं। दिल्ली वालों के खिलाफ बड़े-बड़े षड्यंत्र हो रहे हैं, लेकिन मैं हर दिल्लीवासी को ये भरोसा दिलाता हूं कि कोई काम रुकने नहीं दूंगा। इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज, विकास मंत्री गोपाल राय, विधायक जरनैल सिंह सहित अन्य मौजूद रहे। केजरीवाल ने केशोपुर सब्जी मंडी में बने मोहल्ला क्लीनिक का भ्रमण कर मरीजों से उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया और डॉक्टरों से भी बात की।
मुफ्त सुविधा मिलती है
मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां घर के आसपास ही मुफ्त इलाज मिल जाता है। सारे टेस्ट और एक्सरे फ्री होते हैं। पिछले साल 2022-23 में 2,07,17,876 और 10,41,436 से ज्यादा टेस्ट हुए। इसी तरह, 2021-22 में 1.28 करोड़, 2020-21 में 1.50 करोड़ लोगों ने इलाज कराया। मोहल्ला क्लीनिक में 91 तरह के फ्री टेस्ट होते हैं। दवाइयां फ्री मिलती हैं। अल्ट्रा साउंड और एक्सरे के लिए पास के सरकारी अस्पतालों में रेफर किया जाता है।
पॉश इलाके में मांग
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रेटर कैलाश सबसे अमीरों का इलाका है। आरडब्ल्यूए ने ग्रेटर कैलाश में मोहल्ला क्लीनिक खोलने की मांग की है। पहले हमने ग्रेटर कैलाश में एक मोहल्ला क्लीनिक बनाया। आज ग्रेटर कैलाश में 11 मोहल्ला क्लीनिक काम कर रहे हैं। बड़े-बड़े निजी अस्पतालों में इलाज कराने जाने वाले लोग अब सरकारी मोहल्ला क्लीनिक में आ रहे हैं। कुछ तो अच्छा होगा, तभी इतने अमीर अपना इलाज कराने आ रहे हैं।
हर सप्ताह खुलेंगे पांच क्लीनिक
स्वास्थ्य मंत्री भारद्वाज ने कहा कि आने वाले दिनों में मुख्यमंत्री हर सप्ताह पांच मोहल्ला क्लीनिक दिल्ली वालों को समर्पित करेंगे। मुख्यमंत्री ने सरकारी अस्पतालों का एक रेफरेंस प्वाइंट बनाने का निर्देश दिया है, ताकि ये पता चला सके कि कौन सा अस्पताल अच्छा चल रहा है और कौन सा नहीं चल रहा है। इसी तरह डॉक्टर व अन्य स्टाफ की भी रैकिंग होगी।