पापा से जिद करके खरीदवाई थी स्पोर्ट्स बाइक, स्टंट करने के दौरान 8वीं के छात्र की मौत
न्यू उस्मानपुर इलाके में केटीएम ड्यूक स्पोर्ट्स बाइक पर स्टंट करने के दौरान आठवीं कक्षा के छात्र की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त जख्मी हो गया। मृतक की शिनाख्त मोहम्मद उमर (15) के रूप में हुई है। वहीं हादसे में घायल हुए दोस्त अनस (18) को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।
पुलिस ने पोस्टमार्टम बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया। बताया जा रहा है कि उमर ने जिद कर पंद्रह दिन पहले की बाइक खरीदवाई थी। घटना के बाद परिवार का रोते-रोते बुरा हाल है। न्यू उस्मानपुर थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस के मुताबिक उमर परिवार के साथ गली नंबर-3, नियर चांद मस्जिद, जाफराबाद में रहता था। इसके परिवार में पिता बाबर खान, मां, दो भाई व एक बहन है। उमर न्यू मून पब्लिक स्कूल में आठवीं कक्षा का छात्र था। रविवार तड़के सहरी के बाद उमर अपने दोस्त अनस के साथ केटीएम ड्यूक बाइक पर घूमने के लिए निकल गया।
बाइक के लिए तीन दिन नहीं खाया था उमर ने खाना
इस बीच जीटी रोड पर दोनों तेज रफ्तार में बाइक चलाने लगे। राहगीरों के मुताबिक दोनों बाइक से सड़क पर स्टंट कर रहे थे। अचानक आईएसबीटी से शास्त्री पार्क की ओर आते समय उमर ने तेज रफ्तार में अपनी बाइक से स्टंट किया उसकी बाइक पलट गई और दोनों लड़के हादसे में बुरी तरह जख्मी हो गए।
राहगीर दोनों लड़कों को उठाकर नजदीकी जगप्रवेशचंद अस्पताल ले गए, जहां से परिजन उन्हें एलएनजेपी अस्पताल ले गए, जहां कुछ ही देर में उमर को मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया है। पुलिस ने बाइक कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। घटना के बाद से परिवार का रोते-रोते बुरा हाल है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
उमर के एक रिश्तेदार ने बताया कि पड़ोस में एक युवक महंगी स्पोर्ट्स बाइक लाया था। उसे देखकर उमर भी अपने पिता से केटीएम बाइक मंगाने की जिद करने लगा। बाबर ने उमर की जिद पूरी करने से मना भी कर दिया था लेकिन उमर ने जिद में तीन दिनों तक खाना नहीं खाया।
मजबूरन बाबर को पंद्रह दिन पूर्व बाइक खरीदनी पड़ी। बाइक आने के बाद से वह काफी खुश था। इधर घटना के बाद से उमर के परिजनों का रोते-रोते बुरा हाल है। उमर घर में सबसे छोटा था।