DU में भिड़े AAP और ABVP के कार्यकर्ता
दिल्ली यूनिवर्सिटी में बुधवार की दोपहर को 'आप' और एबीवीपी के कार्यकर्ताओं में मामूली बात को लेकर झगड़ा हो गया। देखते ही देखते छोटी सी बात ने बड़ा रूप अख्तियार कर लिया और ये झगड़ा हिंसक झड़प में बदल गई।
झगड़ा किस बात को लेकर हुआ था इस बात का पता अभी नहीं लगा है। एबीवीपी कार्यकर्ताओं का आरोप है कि विवाद की शुरूआत युवा छात्र संघर्ष समिति की ओर से हुई है।
खबरों के अनुसार झड़प के दौरान आप कार्यकर्ता बीच में ही विवाद छोड़कर मौके से निकल लिए। जब दोनों पक्षों के कार्यर्ताओं से बात करने की कोशिश की गई तो दोनों ने ही एक-दूसरे पर झगड़े का इल्जाम मढ़ दिया।
दोनों संगठनों ने लगाया एक दूसरे पर आरोप
आज दिल्ली यूनिवर्सिटी में आम आदमी पार्टी की छात्र इकाई युवा छात्र संघर्ष समिति और एबीवीपी के कार्यकर्ताओं में किसी बात को लेकर भिड़ंत हो गई। इस भिड़ंत के बाद कैंपस में हड़कंप मच गया। जब दोनों संगठनों से इस बारे में बात की गई तो दोनों ही एक-दूसरे पर इल्जाम लगाते रहे।
इसके बारे में पूछने पर एबीवीपी के रोहित चहल ने कहा कि आप के कार्यकर्ताओं ने हमारे साथ बदसलूकी की और बाद में अपने नेता अरविंद केजरीवाल की ही तरह मौके से भाग निकले।
वहीं युवा छात्र संघर्ष समिति कार्यकर्ता अनुपम ने कहा कि हम नहीं एबीवीपी के कार्यकर्ता ही हिंसक हुए थे और यही नहीं उन्होंने हमें धमकाया भी है। उनके हिंसक होने पर भी हमने शांति बनाई रखी।