CISF कर्मियों ने महिला को बेटी से मिलाया, खेलते हुए मेट्रो स्टेशन पहुंची थी बच्ची
नवादा मेट्रो स्टेशन पर तैनात सीआईएसएफ के एक सब इंस्पेक्टर ने 18 माह की बच्ची को उसकी मां से मिलवाया। बच्ची खेलते हुए मेट्रो स्टेशन में घुस गई थी।
बेटी के मिलने के बाद उसकी मां ने सीआईएसएफ कर्मियों को धन्यवाद कहा। सीआईएसएफ के प्रवक्ता मंजीत सिंह ने बताया कि रविवार शाम सात बजे सीसीटीवी कैमरे की निगरानी कर रहे सीआईएसएफ के सिपाही ने नवादा मेट्रो स्टेशन की सीढ़ियों पर लावारिस बच्ची को देखा।
सिपाही ने तुरंत इसकी जानकारी सब इंस्पेक्टर संजीव कुमार को दी। सूचना मिलते ही संजीव एक महिला सिपाही के साथ वहां पहुंचे।
मेट्रो स्टेशन के बाहर खेल रही थी बच्ची
सब इंस्पेक्टर ने वहां मौजूद लोगों से बच्ची की पहचान करवाने की कोशिश की लेकिन किसी ने उसकी पहचान नहीं की। इसके बाद संजीव ने स्टेशन कंट्रोलर को सारी बातों की जानकारी दी।
कुछ देर बाद मोहन गार्डन निवासी सुनीता स्टेशन परिसर में पहुंची और सीआईएसएफ कर्मियों से बच्ची के गायब होने की बात कही। उसने बताया कि उसकी बच्ची मेट्रो स्टेशन के बाहर खेल रही थी।
इसके बाद सब इंस्पेक्टर महिला को लेकर स्टेशन कंट्रोलर के कमरे में पहुंचे जहां बेटी को देखकर सुनीता का खुशी का ठिकाना नहीं रहा। पूरी तरह से पुष्टि होने के बाद बच्ची को उसकी मां के हवाले कर दिया गया।
