बच्ची के दफनाए शव को जानवरों ने नोचा, डेंगू से हुई थी मौत
दक्षिण जिले के वसंतकुंज (साउथ) थाना इलाके में दफनाए गए पांच वर्षीय बच्ची के शव को जानवरों द्वारा नोंचने का मामला सामने आया है।
जानवरों ने शव को जमीन से बाहर निकाल लिया था। वसंतकुंज थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
श्रीशती (5) पुत्री जयभगवान परिवार के साथ अर्जुन कैंप, महिपालपुर में रहती थी। उसे 10 अगस्त को सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी मौत हो गई थी।
परिजनों ने झाड़ियों के पास दफनाया था शव
दक्षिण जिले की अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नुपूर प्रसाद ने बताया कि परिजनों ने शव को रेयान इंटरनेशनल स्कूल के पास स्थित झाड़ियों के पास दफना दिया था।
मंगलवार सुबह किसी ने शव को जमीन से बाहर निकला हुआ देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया।
नुपूर प्रसाद ने बताया कि पुलिस ने श्रीशती के डेंगू के उपचार के कागजात की जांच की हैं। श्रीशती की डेंगू से मौत हुई थी। ऐसा लगता है कि जंगली
जानवरों ने शव को जमीन से बाहर निकाल लिया हो।