CBSE Results 2019: बेटियों ने फिर मारी बाजी, यूपी की हंसिका व करिश्मा संयुक्त टॉपर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने बृहस्पतिवार को 12वीं के नतीजे घोषित कर दिए। इसमें गाजियाबाद डीपीएस की हंसिका शुक्ला और मुजफ्फरनगर एसडी पब्लिक स्कूल की करिश्मा अरोड़ा संयुक्त रूप से टॉपर रही हैं। दोनों को 500 में से 499 अंक मिले हैं। वहीं तीन बेटियों ने 500 में 498 अंक लेकर देश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। तीसरे स्थान पर भी 18 विद्यार्थियों में से 11 बेटियों ने बाजी मारी है। सभी को 500 में से 497 अंक मिले हैं। इस परीक्षा में लगातार पांचवें साल बेटियों का दबदबा कायम रहा है।
12वीं के नतीजों का इस साल कुल पास प्रतिशत 83.4 फीसदी रहा। पिछले साल यह 83.01 फीसदी था। इस बार छात्राओं ने छात्रों के मुकाबले 9 फीसदी बेहतर प्रदर्शन किया है। छात्राओं का पास प्रतिशत 88.7 फीसदी, जबकि 79.4 फीसदी छात्र सफल रहे। ऋषिकेश की गौरांगी चावला, रायबरेली की ऐश्वर्या और जींद की भव्या संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहीं। तीसरे स्थान पर संयुक्त रूप से 18 छात्रों में से 9 यूपी के हैं। सीबीएसई की अध्यक्ष अनिता करवल ने कहा कि इस बार परीक्षा समाप्त होने के 28 दिन के भीतर हमने परिणाम जारी कर दिया और यह एक रिकॉर्ड है। परीक्षाएं 4 अप्रैल को समाप्त हुई थी।
अंग्रेजी में एक नंबर कटने का मलाल : हंसिका
टॉप करने वाली हंसिका ने कहा, ‘मुझे इंग्लिश में एक नंबर कटने का मलाल है। मैंने ऐसे परिणाम की कल्पना नहीं की थी। मैंने कभी कोई कोचिंग या ट्यूशन नहीं लिया। जब भी विश्राम करने का मन हुआ तो संगीत सुना। सोशल मीडिया से दूर रही, क्योंकि इससे ध्यान भटकता है। हंसिका भारतीय विदेश सेवा में जाना चाहती हैं। पिता साकेत कुमार शुक्ला राज्यसभा में उप सचिव और मां डॉ. मीना शुक्ला गाजियाबाद के एक कॉलेज में एसोसिएट प्रोफेसर हैं। अंग्रेजी, इतिहास, राजनीति विज्ञान, मनोविज्ञान और हिंदुस्तानी गायन इनके विषय रहे हैं।
रोजाना आठ घंटे पढ़ाई से मिली कामयाबी : करिश्मा
संयुक्त टॉपर करिश्मा अरोड़ा ने कहा, ‘मुझे खेलकूद में दिलचस्पी नहीं है। जब भी मेरे पास खाली समय होता है मैं डांस करती हूं या आराम करती हूं। पढ़ाई के दौरान सोशल मीडिया से परहेज किया। कभी ट्यूशन नहीं लिया। प्रतिदिन आठ घंटे पढ़ाई की। मैं डांस थेरेपिस्ट और साइकोलॉजिस्ट बनना चाहती हूं।’ करिश्मा को सिर्फ अर्थशास्त्र में एक अंक कम मिले हैं। संयोग से दोनों ही टॉपर मनोविज्ञान की पढ़ाई करना चाहती हैं।
अंग्रेजी- 100
गृह विज्ञान-100
फाइन आर्ट-100
मनोविज्ञान-100
अर्थशास्त्र-99
केंद्रीय विद्यालय का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
बारहवीं के नतीजों में केंद्रीय विद्यालयों ने सबसे अच्छा प्रदर्शन किया है। केवी का पास प्रतिशत सर्वाधिक 98.54 फीसदी रहा, जबकि जवाहर नवोदय विद्यालय 96.62 फीसदी के साथ दूसरे स्थान पर रहे। तीसरे स्थान पर 96.06 फीसदी के साथ सेंट्रल तिब्बतन स्कूल रहे। वहीं सरकारी स्कूलों का नतीजा निजी स्कूलों से अच्छा रहा। सरकारी स्कूलों का पास प्रतिशत 87.17 फीसदी और निजी स्कूलों का पास प्रतिशत 82.59 फीसदी रहा।
तिरुवनंतपुरम जोन पहले स्थान पर
इस साल तिरुवनंतपुरम रीजन फिर से 98.2 फीसदी पास प्रतिशत के साथ पहले स्थान पर रहा। दूसरे स्थान पर 92.93 फीसदी के साथ चेन्नई और 91.87 फीसदी के साथ दिल्ली तीसरे स्थान पर रही। दिल्ली के छात्रों ने पिछले साल के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन किया और 2.87 फीसदी ज्यादा विद्यार्थी पास हुए।