सीबीएसई पेपर लीक मामले के आरोपियों का पुलिस रिमांड दो दिन बढ़ा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अदालत ने सीबीएसई 12 वीं कक्षा के अर्थशास्त्र पेपर लीक मामले में मामले में गिरफ्तार तीन आरोपियों का पुलिस रिमांड दो दिन और बढ़ा दिया है। आरोपियों में दिल्ली के एक निजी स्कूल के शिक्षक और एक कोचिंग सेंटर का ट्यूटर शामिल हैं। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने रविवार को तीनों आरोपियों को दबोचा था।
कड़कड़डूमा कोर्ट में मंगलवार को सीबीएसई पेपर लीक के तीनों आरोपियों तौकीर, रोहित व ऋषभ को पेश किया गया। अभियोजन पक्ष ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस रिमांड दो दिन बढ़ाने की अपील की।
कोर्ट ने अभियोजन पक्ष की अपील पर संज्ञान लेते हुए तीनों आरोपियों का पुलिस रिमांड दो दिन के लिए और बढ़ा दिया। पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और प्रकरण से जुड़े अन्य लोगों का खुलासा होने की भी संभावना है।
बता दें कि सीबीएसई की 12 वीं कक्षा के अर्थशास्त्र का पेपर लीक होने के मामले में पुलिस ने बाहरी दिल्ली से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इसके बाद रविवार को इन्हें कोर्ट में पेश किया गया था।
पुलिस ने आरोपियों का रिमांड मांगते हुए कोर्ट को बताया था कि रोहित व ऋषभ बाहरी दिल्ली के बवाना स्थित मदर खजानी कॉन्वेंट स्कूल में टीचर हैं और तौकीर एक निजी कोचिंग सेंटर का ट्यूटर है।
रोहित और ऋषभ की तौकीर से दोस्ती है। इन दोनों ने परीक्षा शुरू होने से करीब 20 मिनट पहले पेपर खोलकर तौकीर को व्हाट्सएप पर भेज दिया और उसके बाद तौकीर ने व्हाट्सएस के जरिए पेपर को छात्रों व अन्य लोगों को भेजा था।