मालिक से अनोखी नाराजगी: इलाज को मांगे रुपये वेतन से काटने पर चालक 1.15 करोड़ व मर्सिडीज कार लेकर भागा, पढ़ें पूरा मामला
दिल्ली के इंदरपुरी इलाके में सीए के चालक ने इलाज के लिए मांगे गए रुपये वेतन से काटे जाने को लेकर मालिक की मर्सिडीज कार और 1.15 करोड़ रुपये लेकर फरार हो गया था। पुलिस ने कार दिल्ली से बरामद कर ली थी। बिहार से आरोपी चालक को भी गिरफ्तार कर लिया है, उसके पास से 67.50 लाख रुपये भी बरामद कर लिए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली में सीए के चालक को अपनी पत्नी और खुद के इलाज के लिए रुपयों की जरूरत थी। उसने मालिक से कई बार रुपये मांगे। मालिक ने थोड़े बहुत रुपये दिए भी तो अगले ही महीनें सैलरी में काट लिए। इससे खफा होकर सीए के चालक ने मालिक के 1.15 करोड़ रुपये व मर्सिडीज कार उड़ा ली। कार को चालक करोल बाग इलाके में ही छोड़ गया, लेकिन रुपये लेकर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी को अररिया, बिहार से दबोच लिया। इसकी पहचान मोहम्मद अबुजर उर्फ अफजल (40) के रूप में हुई है। करोल बाग थाना पुलिस ने आरोपी के पास से 67.50 लाख रुपये बरामद कर लिए हैं। पुलिस की टीम उसे रिमांड पर लेकर दोबारा बाकी रकम बरामद करने का प्रयास कर रही है।
मध्य जिला पुलिस उपायुक्त श्वेता चौहान ने बताया कि चार अप्रैल को इंदरपुरी निवासी दीपक चौधरी नामक सीए ने पुलिस से शिकायत की थी। दीपक ने बताया कि इनके पांच-छह साल पुराना कार चालक 1.15 करोड़ रुपये लेकर फरार हो गया। चालक को उन्होंने किसी की पेमेंट के लिए रुपये दिए थे। फौरन करोल बाग थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। जांच के लिए थाना प्रभारी मनीष जोशी, एसआई मोहित, एएसआई लवकेश कुमार व हवलदार दिलशाद को लगाया गया। छानबीन के बाद पुलिस ने अगले ही दिन कार करोल बाग इलाके में लिबर्टी सिनेमा से बरामद कर ली। लेकिन आरोपी का सुराग नहीं मिला। पुलिस ने टेक्निकल सर्विलांस की मदद से आरोपी का पता किया तो पता चला कि वह बिहार में अपने गांव में मौजूद है। एएसआई लवकेश और हवलदार दिलशाद को बिहार भेजा गया। वहां से आरोपी को गिरफ्तार कर 67.50 लाख रुपये बरामद कर लिए गए।
आरोपी बोला-मालिक जरूरत पर नहीं देता था रुपये
बाकी रुपये आरोपी ने कहीं छिपाए हुए हैं। पुलिस उससे पूछताछ कर बाकी रकम बरामद करने का प्रयास कर रही है। आरोपी ने बताया है कि पांच-छह साल नौकरी करने के बाद भी उसका मालिक जरूरत पर उसे रुपये नहीं देता था। पिछले दिनों पत्नी बीमार हुई तो मालिक से बड़ी मुश्किल से रुपये लिये, जिसे उसने सैलरी पर काट लिये। इसके बाद खुद अबुजर की तबीयत खराब हो गई। इस बीच उसने मालिक से दोबारा रुपये मांगे, लेकिन उसने मना कर लिया। चार अप्रैल को मालिक ने मोटी रकम देकर उसे कहीं ले जाने के लिए कहा तो उसकी नियत खराब हो गई। वह रुपये व कार दोनों लेकर फरार हो गया। अबुजर ने दो शादियां की हुई हैं, उसके चार बच्चे व माता-पिता हैं।