राजधानी का आज पांचवां कार फ्री डे मुनीरका में
दिल्ली सरकार दक्षिणी दिल्ली में सोमवार को पांचवां कार फ्री डे मनाएगी। इसकी शुरुआत मुनीरका से आरके पुरम स्थित हयात होटल के बीच होगी।
इस दौरान साइकिल रैली निकालने के साथ सरकार पर्यावरण बचाने के लिए लोगों को पौधे बांटकर उसे लगाने की अपील करेगी। कार फ्री डे सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक चलेगा।
इस क्षेत्र में पीक ऑवर्स में हैवी ट्रैफिक जाम होता है। इसके चलते सरकार ने यहां खास तैयारी की है। कार फ्री डे के दौरान इस पर निजी चार पहिया वाहन नहीं चलेंगे।
कार फ्री डे में बढ़ रही लोगों की भागीदारी
इस दौरान परिवहन विभाग यहां पर मेट्रो से कनेक्टविटी के लिए फीडर बसों के अलावा डीटीसी बसों की भी तैनाती करेगी।
दूसरे सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की आवाजाही इस दौरान उपलब्ध रहेगी। कार फ्री डे में परिवहन मंत्री के अलावा इलाके के स्थानीय विधायकों, आरडब्ल्यूए के लोगों और छात्रों को भी बुलाया गया है।
परिवहन मंत्री गोपाल राय ने माना है कि कार फ्री डे में दिल्लीवालों की भागीदारी धीरे-धीरे बढ़ रही है। गौरतलब है कि अबतक कार फ्री डे में दिल्ली सरकार के मंत्री लगातार नजर आए है।